Rahul Gandhi Disqualified: सांसदी छिनने के बाद राहुल गांधी ने बदला अपना ट्विटर बायो, लिखा- Dis'Qualified MP

Rahul Gandhi Disqualified: कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने लोकसभा से संसद सदस्य के रूप में अयोग्य घोषित किए जाने के बाद रविवार को अपने ट्विटर बायो को बदल दिया। राहुल गांधी ने 'अयोग्य सांसद' लिखते हुए अपना ट्विटर अकाउंट बायो अपडेट किया है। राहुल गांधी को उनकी 'मोदी सरनेम' टिप्पणी पर आपराधिक मानहानि के मामले में दोषी ठहराए जाने के बाद संसद सदस्य के रूप में अयोग्य घोषित कर दिया गया है

अपडेटेड Mar 26, 2023 पर 2:27 PM
Story continues below Advertisement

Rahul Gandhi Disqualified: कांग्रेस नेता राहुल गांधी (Rahul Gandhi) ने लोकसभा से संसद सदस्य के रूप में अयोग्य घोषित किए जाने के बाद रविवार को अपने ट्विटर बायो को बदल दिया। राहुल गांधी ने 'अयोग्य सांसद (Dis'Qualified MP)' लिखते हुए अपना ट्विटर अकाउंट बायो अपडेट किया है। उन्होंने अपने ट्विटर बायो में खुद को कांग्रेस सदस्य बताने के साथ ही "अयोग्य सांसद" भी लिख दिया है। राहुल गांधी को उनकी 'मोदी सरनेम' टिप्पणी पर आपराधिक मानहानि के मामले में दोषी ठहराए जाने के बाद संसद सदस्य के रूप में अयोग्य घोषित कर दिया गया है।

केरल की वायनाड संसदीय सीट का प्रतिनिधित्व कर रहे राहुल गांधी को सूरत की एक अदालत द्वारा 2019 के मानहानि के एक मामले में दो साल जेल की सजा सुनाए जाने के मद्देनजर शुक्रवार को उन्हें लोकसभा की सदस्यता से अयोग्य ठहरा दिया गया। लोकसभा सचिवालय की ओर से जारी अधिसूचना में कहा गया है कि उनका अयोग्यता संबंधी आदेश 23 मार्च से प्रभावी होगा। सूरत की एक अदालत ने यह फैसला ‘मोदी सरनेम’ संबंधी टिप्पणी को लेकर दिया था।

कांग्रेस ने शुरू की 'संकल्प सत्याग्रह'


कांग्रेस ने राहुल गांधी को लोकसभा की सदस्यता से अयोग्य ठहराए जाने के बाद उनके समर्थन में रविवार को दिल्ली के राजघाट पर एकदिवसीय ‘संकल्प सत्याग्रह’ शुरू किया। कांग्रेस प्रमुख मल्लिकार्जुन खड़गे, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा, वरिष्ठ नेता के सी वेणुगोपाल, पी चिदंबरम और सलमान खुर्शीद समेत कई नेता राजघाट पर सत्याग्रह में शामिल हुए।

धरना स्थल पर जयराम रमेश, मुकुल वासनिक, पवन कुमार बंसल, शक्तिसिंह गोहिल, ज्योतिमणि, प्रतिभा सिंह और मनीष चतरथ भी मौजूद थे। दिल्ली पुलिस ने राजघाट पर सत्याग्रह की अनुमति देने से इनकार कर दिया है। इसके बावजूद पार्टी के कई नेताओं ने प्रदर्शन में भाग लिया और परिसर के बाहर बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता एकत्र हुए।

दिल्ली पुलिस ने एक पत्र में कहा कि कानून-व्यवस्था एवं ट्रैफिक संबंधी कारणों से सत्याग्रह करने के अनुरोध को खारिज किया गया और राजघाट में एवं इसके आसपास दंड प्रक्रिया संहिता (सीआरपीसी) की धारा 144 लागू की गई है। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने पीटीआई को बताया कि सत्याग्रह की अनुमति नहीं दी गई है और सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए गए हैं।

ये भी पढ़ें- 'शहीद के बेटे को मीर जाफर कहा जाता है, संसद में मेरी मां का अपमान किया गया', BJP पर बरसीं प्रियंका गांधी

दिल्ली पुलिस के इस कदम का जवाब देते हुए वेणुगोपाल ने ट्वीट किया, ‘संसद में हमें चुप कराने के बाद सरकार ने हमें बापू (महात्मा गांधी) की समाधि पर शांतिपूर्ण सत्याग्रह करने की अनुमति देने से भी इनकार कर दिया है।’ उन्होंने कहा, ‘विपक्ष के किसी विरोध प्रदर्शन के लिए मंजूरी नहीं देना मोदी सरकार की आदत बन गई है। इससे हम रुकेंगे नहीं। सत्य के लिए, अत्याचार के खिलाफ हमारी लड़ाई जारी है।’

कांग्रेस ने राजघाट के बाहर एक मंच बनाया है और वह मानहानि से जुड़े 2019 के एक मामले में राहुल गांधी को दोषी ठहराए जाने एवं उसके बाद लोकसभा से अयोग्य ठहराए जाने के खिलाफ प्रदर्शन कर रही है। इससे पहले, कांग्रेस ने पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी को लोकसभा की सदस्यता से अयोग्य ठहराए जाने के विरोध में रविवार को सभी राज्यों और जिला मुख्यालयों में महात्मा गांधी की प्रतिमाओं के सामने एकदिवसीय सत्याग्रह करने की घोषणा की थी।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।