Rahul Gandhi New Bungalow: बंगला नंबर- 5, सुनहरी बाग रोड... इस नए घर में रहेंगे राहुल गांधी? देखें वीडियो

Rahul Gandhi New Bungalow in Delhi: राहुल गांधी कई सालों तक '12 तुगलग लेन' में रहे, लेकिन पिछले साल मानहानि के मामले में गुजरात की एक निचली अदालत द्वारा दोषी करार दिए जाने के बाद जब उनकी सदस्यता चली गई तो उन्होंने इस घर को खाली कर दिया था

अपडेटेड Jul 26, 2024 पर 9:34 PM
Story continues below Advertisement
Rahul Gandhi New Bungalow: यूपी कोर्ट से लौटते समय राहुल गांधी मोची की दुकान पर रुके और जाना उसका हालचाल

Rahul Gandhi New Bungalow: कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी का जल्द ही राजधानी दिल्ली में सुनहरी बाग रोड पर बंगला नंबर पांच नया पता होगा। लोकसभा की आवास समिति ने सदन में नेता प्रतिपक्ष एवं कांग्रेस सांसद राहुल गांधी को उनके रहने के लिए राजधानी दिल्ली स्थित '5-सुनहरी बाग रोड' बंगले का प्रस्ताव दिया है। आवास समिति से जुड़े सूत्रों ने बताया कि राहुल गांधी की सहमति मिलने पर यह उनका नया आशियाना होगा। राहुल गांधी से जुड़े सूत्रों ने भी इसकी पुष्टि की है।

सूत्रों ने बताया कि राहुल गांधी की सहमति मिलने पर यह उनका नया आशियाना होगा। कांग्रेस महासचिव और राहुल गांधी की बहन प्रियंका गांधी वाड्रा शुक्रवार (26 जुलाई) को '5 सुनहरी बाग' पहुंची थीं। यह 'टाइप 8' कैटेगरी का बंगला है जो आमतौर पर कैबिनेट मंत्रियों को आवंटित किया जाता है।

राहुल गांधी कई सालों तक '12 तुगलग लेन' में रहे, लेकिन पिछले साल मानहानि के मामले में गुजरात की एक निचली अदालत द्वारा दोषी करार दिए जाने के बाद जब उनकी सदस्यता चली गई तो उन्होंने इस घर को खाली कर दिया था। इसके बाद से वह अपनी मां और कांग्रेस संसदीय दल की प्रमुख सोनिया गांधी के आवास '10 जनपथ' पर रह रहे हैं।


अयोग्य घोषित किए गए सांसद को सरकारी आवास नहीं मिलता है। उन्हें सरकारी आवास खाली करने के लिए एक महीने का समय मिलता है। हालांकि, बाद में सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के बाद लोकसभा सदस्य के रूप में उनकी अयोग्यता बहाल होने के बाद उन्हें वही बंगला फिर से आवंटित कर दिया गया।

12 तुगलक लेन बंगला आवंटित किए जाने के बारे में पूछे जाने पर राहुल गांधी ने चुटकी लेते हुए कहा था, "मेरा घर पूरा हिंदुस्तान है।" कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष इस बार रायबरेली से निर्वाचित हुए हैं। वह नेता प्रतिपक्ष का उत्तरदायित्व निभा रहे हैं।

यूपी में मोची की दुकान पर रुके राहुल, जाना हालचाल

राहुल गांधी शुक्रवार को यूपी के सुल्तानपुर से लखनऊ लौटते समय शहर के बाहरी इलाके के विधायक नगर में एक मोची की दुकान पर रुके और उसका हालचाल जाना। राहुल गांधी मानहानि के एक मामले में सुल्तानपुर की अदालत में पेश होने गए थे।

मोची राम चेत ने बताया कि वह कांग्रेस नेता के अपनी दुकान पर आने से खुश और हतप्रभ थे। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी बिना किसी पूर्व सूचना के लगभग आधे घंटे तक उनकी दुकान पर रुके और उनके परिवार और उनके काम में आने वाली समस्याओं की जानकारी ली।

ये भी पढ़ें- 'NITI आयोग को खत्म करें' PM मोदी की बैठक से पहले ममता बनर्जी की क्यों की ऐसी मांग

रामचेत ने पीटीआई को बताया कि उन्होंने राहुल गांधी को अपनी मामूली आय के बारे में बताया और काम को आगे बढ़ाने के लिए सहायता मांगी। रामचेत ने दावा किया, "राहुल गांधी ने कहा कि वे देखेंगे कि वे उनके लिए क्या कर सकते हैं।" उन्होंने कहा कि उन्होंने राहुल गांधी को टीवी पर देखा था और उन्हें अपनी दुकान पर देखकर हतप्रभ थे।

मानहानी मामले में कोर्ट में पेशी

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी मानहानि के एक मामले में शुक्रवार को सुल्तानपुर की सांसद-विधायक (MP/MLA) कोर्ट में पेश हुए और अपना बयान दर्ज कराया। भारतीय जनता पार्टी (BJP) के स्थानीय नेता विजय मिश्र ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर बेंगलुरु में 2018 में BJP के तत्कालीन अध्यक्ष और वर्तमान गृहमंत्री अमित शाह के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी करने का आरोप लगाते हुए चार अगस्त 2018 को मानहानि का मामला दर्ज कराया था।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।