Ram Mandir Inauguration: नेशनल कॉन्फ्रेंस (NC) के अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला (Farooq Abdullah) ने सोमवार को उम्मीद जताई कि 22 जनवरी को अयोध्या (Ayodhya) में राम मंदिर (Ram Mandir) के प्राण प्रतिष्ठा समारोह से देश में मुस्लिम समुदाय के खिलाफ नफरत खत्म होने का रास्ता खुलेगा। अब्दुल्ला ने जोर देकर कहा कि वह हमेशा अपने दिल से भगवान राम की प्रशंसा करते हैं। पार्टी की बैठक से इतर उन्होंने मीडिया से कहा, "कौन जाएगा (अयोध्या में प्राण प्रतिष्ठा समारोह में) और कौन नहीं जाएगा ये उसकी पसंद है। मुझे उम्मीद है कि मंदिर के कपाट खुलने से लोगों के दिलों के दरवाजे भी खुलेंगे और मुस्लिमों के खिलाफ नफरत समाप्त होगी। यह मेरी प्रार्थना है और भगवान मेरी आवाज सुनेंगे।"
