Shaheen Bagh Anti Encroachment Drive: सुप्रीम कोर्ट (SC) ने दिल्ली के शाहीन बाग (Shaheen Bagh) में अतिक्रमण हटाने के अभियान (Anti Encroachment Drive) के खिलाफ दायर यचिका पर सुनवाई करने से इनकार कर दिया है। याचिका CPI(M) की तरफ से दायर की गई थी। कोर्ट ने याचिकाकर्ता को दिल्ली हाई कोर्ट (Delhi HC) जाने को कहा।
अदालत ने कहा कि वो किसी राजनीतिक दल के कहने पर अतिक्रमण विरोधी अभियान में हस्तक्षेप नहीं कर सकती। जस्टिस एल नागेश्वर राव और जस्टिस बीआर गवई की बैंच ने पार्टी से दिल्ली हाई कोर्ट का दरवाजा खटखटाने को कहा।
कोर्ट ने पूछा, "CPI(M) याचिका क्यों दायर कर ही है? किस मौलिक अधिकार का हनन हो रहा है? राजनीतिक दलों के इशारे पर रोक नहीं लगा सकते। आप लोग हाई कोर्ट जाइए।"
शीर्ष अदालत ने कहा कि अगर फेरीवाले अतिक्रमण कर रहे हैं, तो उन्हें हटा दिया जाएगा। वहीं अगर अधिकारी कानून तोड़ रहे हैं, तो याचिकाकर्ता हाई कोर्ट जा सकता है।
सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने कहा कि तथ्यों को गलत तरीके से पेश किया जा रहा है। उन्होंने कहा, "यह एक प्रक्रिया है, जो लंबे समय से चल रही है। नोटिस देने के बाद ये एक नियमित रूप से उठाया गया कदम है।"
वहीं जब CPI(M) की ओर से वरिष्ठ वकील पी सुरेंद्रनाथ ने जहांगीरपुरी पर शीर्ष अदालत के हालिया आदेशों का हवाला दिया, तो कोर्ट ने कहा कि प्रभावित पक्षों को आने दें। कोर्ट ने तब वहां अतिक्रमण हटाने के अभियान पर रोक लगाई थी।
उन्होंने कहा, "हमने किसी को यह कहने के लिए यहां आने का लाइसेंस नहीं दिया है कि मेरा घर तोड़ा नहीं जा सकता, भले ही वह अनाधिकृत ही क्यों न हो। आप उस आदेश की आड़ नहीं ले सकते। हम इसमें दखल नहीं दे सकते..वो भी राजनीतिक दलों के कहने पर।"
कुछ समय तक मामले की सुनवाई के बाद, मामले को दिल्ली हाई कोर्ट का दरवाजा खटखटाने की स्वतंत्रता के साथ वापस ले लिया गया था।
शाहीन बाग में बुलडोजर के सामने हंगामा
दरअसल अतिक्रमण रोधी अभियान को अंजाम देने के लिए दक्षिणी दिल्ली नगर निगम (SDMC) के अधिकारी बुलडोजर के साथ सोमवार को दिल्ली के शाहीन बाग इलाके में पहुंचे थे। बुलडोजर के पहुंचते ही महिलाओं समेत सैकड़ों स्थानीय लोगों ने विरोध-प्रदर्शन शुरू कर दिया।
प्रदर्शनकारियों ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) शासित SDMC और केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और कार्रवाई रोकने की मांग की। कुछ महिलाएं बुलडोजर के सामने आकर खड़ी हो गईं।
वहीं आम आदमी पार्टी (AAP) और कांग्रेस (Congress) के नेता भी मौके पर पहुंचे और कार्रवाई के खिलाफ धरना दिया। विरोध प्रदर्शन के कारण शाहीन बाग, कालिंदी कुंज, जैतपुर, सरिता विहार और मथुरा रोड सहित समेत आस-पास के इलाकों में भारी जाम लग गया।