Bharat Ratna: चौधरी चरण सिंह, पीवी नरसिम्हा राव और स्वामीनाथन को 'भारत रत्न' के ऐलान पर किसने क्या कहा?
Bharat Ratna: पश्चिमी उत्तर प्रदेश के जाट नेता और 1979-80 में PM रहे सिंह ऐसे समय में कांग्रेस विरोधी राजनीति के धुरी के रूप में उभरे थे जब देश भर में उसका वर्चस्व था। कांग्रेस नेता राव 1991-96 तक देश के प्रधानमंत्री रहे और उन्हें आर्थिक सुधारों के लिए जाना जाता है। जबकि डॉ स्वामीनाथन दुनिया के ख्याति लब्ध कृषि वैज्ञानिक थे
Bharat Ratna: इस साल अब तक 5 लोगों को 'भारत रत्न'' देने की घोषणा हुई है
Bharat Ratna: पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह (Chaudhary Charan Singh), पीवी नरसिम्हा राव (PV Narasimha Rao) और मशहूर वैज्ञानिक एवं देश में हरित क्रांति के जनक डॉ. एमएस स्वामीनाथन (MS Swaminathan) को देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान भारत रत्न (मरणोपरांत) से सम्मानित किया जाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Modi) ने शुक्रवार को खुद एक पोस्ट के जरिए यह घोषणा करते हुए तीनों के योगदान की सराहना की। इस साल अब तक 5 लोगों को भारत रत्न देने की घोषणा हुई है, जो कि अब तक की सर्वाधिक संख्या है।
इससे पहले वर्ष 1999 में एक बार में चार लोगों को भारत रत्न दिया गया था। कुछ दिनों पहले ही सरकार ने जननायक कर्पूरी ठाकुर और पूर्व उपप्रधानमंत्री लाल कृष्ण आडवाणी के लिए भारत रत्न की घोषणा की थी। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के जाट नेता और 1979-80 में PM रहे सिंह ऐसे समय में कांग्रेस विरोधी राजनीति के धुरी के रूप में उभरे थे जब देश भर में उसका वर्चस्व था। कांग्रेस नेता राव 1991-96 तक देश के प्रधानमंत्री रहे और उन्हें आर्थिक सुधारों के लिए जाना जाता है। जबकि डॉ स्वामीनाथन दुनिया के ख्याति लब्ध कृषि वैज्ञानिक थे।
3 दिग्गजों को मिले भारत रत्न पर किसने क्या कहा?
- राष्ट्रीय लोक दल (RJD) के अध्यक्ष जयंत चौधरी ने केंद्र सरकार द्वारा पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह को भारत रत्न देने की घोषणा करने पर खुशी जाहिर करते हुए कहा 'दिल जीत लिया'। चौधरी चरण सिंह के पोते जयंत चौधरी ने X पर एक पोस्ट में कहा, "दिल जीत लिया।" वहीं, NDA में शामिल होने की बात पर RLD प्रमुख जयंत चौधरी ने कहा, "कोई कसर रहती है। आज मैं किस मुंह से इंकार करूं।"
- वहीं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने X पर एक पोस्ट में कहा, ''जननेता, किसानों के मसीहा, गांवों, अन्नदाता किसानों, शोषितों एवं वंचितों के उत्थान के लिए आजीवन समर्पित रहने वाले पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह जी को 'भारत रत्न' प्रदान करने की घोषणा अभिनंदनीय है। वे सच्चे अर्थों में लोकतंत्र के साधक थे। यह गौरव राष्ट्र निर्माण में उनके अतुल्य योगदानों का सम्मान है।''
- चौधरी चरण सिंह को भारत रत्न दिए जाने की घोषणा का मुद्दा उत्तर प्रदेश विधानसभा में भी उठा, जहां समाजवादी पार्टी (SP) के अध्यक्ष अखिलेश यादव, विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना और संसदीय कार्य मंत्री सुरेश खन्ना ने केंद्र सरकार के इस फैसले की सराहना की।
- विधानसभा में चर्चा के दौरान विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने कहा, ''पूरा सदन बहुत प्रसन्न है। उन्होंने कहा कि चौधरी चरण सिंह जी की सेवाएं पूरे देश के लिए अतुलनीय थी। पूरा सदन प्रधानमंत्री जी को धन्यवाद देता हैं।''
- सदन में समाजवादी पार्टी (SP) प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा, ''अध्यक्ष जी मैं आपके माध्यम से सभी किसानों को बधाई देना चाहता हूं। चौधरी चरण सिंह जी जीवन भर किसानों के अधिकारों के लिए लड़े और इसी विधानसभा के सामने नेता जी (मुलायम सिंह यादव) ने उनकी प्रतिमा लगवाई थी। हमें खुशी है इस बात की कि एक किसान नेता को भारत रत्न मिला।"
- उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा, "उन्हें(पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह) भारत रत्न का सम्मान देकर प्रधानमंत्री मोदी ने उत्तर प्रदेश का गौरव बढ़ाया है। ये सम्मान किसानों को भी समर्पित है क्योंकि वे किसानों के मसीहा थे... मैं सभी समर्थकों और अनुयायियों को बहुत बधाई देता हूं।"
- बहुजन समाज पार्टी (BSP) सुप्रीमो मायावती ने शुक्रवार को कहा कि जिन भी हस्तियों को भारतरत्न से सम्मानित किया गया उन्हें शुभकामनाएं और सरकार के इस फैसले का स्वागत है लेकिन इस मामले में खासकर दलित हस्तियों का तिरस्कार और उपेक्षा करना उचित नहीं। मायावती ने कांशीराम को भारत रत्न से सम्मानित किए जाने की मांग दोहराई।
- मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा, "देश के ऐसे लोग जिनका देश की प्रगति और विकास में योगदान है उनको ये दुर्लभ सम्मान मिला है। बधाइयां भी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को धन्यवाद।"
- केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पूर्व प्रधानमंत्री पीवी नरसिम्हा राव को भारत रत्न से सम्मानित करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त किया। साथ ही उन्होंने कहा, "पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह जी को 'भारत रत्न' से सम्मानित किये जाने की घोषणा से अत्यंत प्रसन्नता हुई।"
- BRS एमएलसी के कविता ने कहा, "चौधरी चरण सिंह,पीवी नरसिम्हा राव गारू को भारत रत्न से सम्मानित किया गया है हम बहुत खुश हैं और हमें गर्व भी है पीवी नरसिम्हा राव गारू तेलंगाना की धरती के पुत्र हैं...हमने ऑस्ट्रेलिया जैसी जगहों पर पीवी नरसिम्हा राव गारू की प्रतिमा स्थापित की है।"
- उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा, "मैं पीएम मोदी को धन्यवाद देना चाहता हूं चौधरी चरण सिंह जी किसानों के बड़े नेता थे पूरे देश में उनका नाम था। देश और खासकर यूपी का हर किसान इस फैसले से खुश है।"
- पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह,पीवी नरसिम्हा राव गारू और डॉ. एमएस स्वामीनाथन को भारत रत्न से सम्मानित किए जाने पर कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी ने कहा, 'मैं इसका स्वागत करती हूं।"
- पूर्व प्रधानमंत्री पीवी नरसिम्हा राव गारू को भारत रत्न से सम्मानित करने पर रक्षा राजनाथ सिंह ने कहा, "हम बराबर दलगत राजनीति से ऊपर उठकर ही इस प्रकार के फैसले लेते हैं।"