क्या पति अरविंद केजरीवाल की जगह लेंगी सुनीता केजरीवाल? एक वीडियो मैसेज ने दिए कई बड़े संकेत
तीन मिनट 14 सेकंड के इस बयान में कुछ ऐसा था, जिसने राजनीति में उनकी एंट्री के संकेत दे दिए। सुनीता केजरीवाल के वीडियो मैसेज में बैकग्राउंड बिल्कुल वही था, तो CM केजरीवाल के मीडिया संबोधन के दौरान रहता था, यानी पीछे की दीवार पर डॉ. बीआर अंबेडकर और भगत सिंह के चित्र और दोनों तरफ राष्ट्रीय ध्वज
तीन मिनट 14 सेकंड के इस बयान में कुछ ऐसा था, जिसने राजनीति में सुनीता केजरीवाल की एंट्री के संकेत दे दिए
सुनीता केजरीवाल (Sunita Kejriwal) ने राजनीतिक में अपना पहला कदम रख दिया है। शनिवार को, पूर्व IRS अधिकारी ने जनता को अपना पहला वीडियो संबोधन दिया। इसमें उन्होंने अपने पति और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) का संदेश राजधानी की जनता तक पहुंचाया। दिल्ली की शराब नीति घोटाला मामले में AAP संयोजक की गिरफ्तारी के 48 घंटे से भी कम समय के भीतर उन्होंने जनता तक अपनी बात पहुंचाने के लिए एक पत्र लिखा, जिसे उनकी पत्नी ने वीडियो संबोधन में पढ़ा।
तीन मिनट 14 सेकंड के इस बयान में कुछ ऐसा था, जिसने राजनीति में उनकी एंट्री के संकेत दे दिए। सुनीता केजरीवाल के वीडियो मैसेज में बैकग्राउंड बिल्कुल वही था, तो CM केजरीवाल के मीडिया संबोधन के दौरान रहता था, यानी पीछे की दीवार पर डॉ. बीआर अंबेडकर और भगत सिंह के चित्र और दोनों तरफ राष्ट्रीय ध्वज।
केजरीवाल का संदेश जनता तक पहुंचाया
सुनीता केजरीवाल ने भगत सिंह की पुण्य तिथि शहीदी दिवस मनाने के लिए लोगों को अपने पति का संदेश दिया, जबकि I.N.D.I.A. ब्लॉक में AAP के सहयोगियों ने शहीदी पार्क में केजरीवाल की गिरफ्तारी का विरोध किया।
अपने पति की तरह हिंदी में संबोधन देते हुए, सुनीता केजरीवाल ने "मेरे प्यारे देश वासियों" के साथ देश को संबोधित किया और खुद को अरविंद केजरीवाल की पत्नी के रूप में पेश किया। केजरीवाल और जनता के बीच संबंधों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा, "आपके भाई, आपके बेटे ने जेल से एक संदेश भेजा है।"
इसके बाद उन्होंने वह पत्र पढ़ा, जो शायद अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) ने उन्हें शुक्रवार रात अदालत में सौंपा था। इसी दौरान उन्हें 28 मार्च तक प्रवर्तन निदेशालय की हिरासत में भेज दिया गया था।
उन्होंने अपने पति के हवाले से कहा, “मुझे कल रात गिरफ्तार कर लिया गया था। मैं चाहे जेल में रहूं या बाहर, देश की सेवा करता रहूंगा। मेरा जीवन, मेरे शरीर की एक-एक कण इस देश के लोगों को समर्पित है।”
अपने सामने आने वाली चुनौतियों की ओर इशारा करते हुए मुख्यमंत्री ने लिखा, “मैं संघर्ष करने के लिए पैदा हुआ हूं। आने वाले दिनों में भी बड़ी चुनौतियां होंगी और इसीलिए मैं इस गिरफ्तारी पर हैरान नहीं हूं।
BJP पर परोक्ष रूप से हमला करते हुए, केजरीवाल ने अपनी पत्नी के जरिए कहा, “देश के भीतर और बाहर, कई ताकतें हैं, जो देश को कमजोर कर रही हैं और सभी को सतर्क रहना होगा, इन ताकतों को पहचानना होगा और उन्हें हराना होगा। इसी तरह, कई ताकतें हैं, कई लोग हैं, जो देशभक्त हैं और अगर हमें देश को प्रगति करते देखना है, तो हमें इन ताकतों को एक साथ लाना होगा और उन्हें प्रोत्साहित करना होगा।"
महिलाओं के लिए केजरीवाल का खास संदेश
देश की महिलाओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा, "दिल्ली की बहनें और माताएं सोच रही होंगी कि 'अब जब केजरीवाल जेल में हैं, तो क्या हमें प्रति माह 1,000 रुपए की आर्थिक मदद मिलेगी?'
उन्होंने कहा, "मैं अपनी बहनों और माताओं से अपील करता हूं कि वे मुझ पर विश्वास बनाए रखें। ऐसी कोई सलाखें नहीं हैं, जो मुझे बहुत देर तक अपने पीछे रख सकें। मैं जल्द ही बाहर आऊंगा और अपने वादे पूरे करूंगा। क्या कभी ऐसा हुआ है कि आपके भाई, आपके बेटे ने अपना वादा नहीं निभाया हो? आपका भाई, आपका बेटा स्टील का बना हुआ है। हालांकि, मैं आपसे अपील करता हूं कि आप एक बार मंदिर जाएं और मेरे लिए प्रार्थना करें। करोड़ों लोगों की दुआएं मेरी ताकत हैं।”
केजरीवाल ने AAP कार्यकर्ताओं और वालंटियर्स से भी अपील की कि भले ही वह दूर हैं, लेकिन आप लोगों की सेवा करते रहें और BJP कार्यकर्ताओं से ''नफरत'' न करें। उन्होंने लिखा, "मैं जल्द ही वापस आऊंगा। आपका, अरविंद।" इसके बाद सुनीता केजरीवाल ने हाथ जोड़कर और 'जय हिंद' कहकर अपना वीडियो संबोधन खत्म किया।
भले ही ये जनता के लिए उनका पहला संबोधन था, वो भी ऐसे संवेदनशील समय में, लेकिन सुनीता केजरीवाल राजनीतिक सुर्खियों में नई नहीं हैं।
2016 में भारतीय राजस्व सेवाओं से VRS का विकल्प चुनने के बाद उन्होंने 2020 के दिल्ली विधानसभा चुनावों में नई दिल्ली विधानसभा क्षेत्र में अपने पति के लिए प्रचार किया था। उनकी आखिरी पोस्टिंग इनकम टैक्स अपीलीय न्यायाधिकरण में बतौर कमिश्नर थी। उन्होंने कुछ मौकों पर मीडिया से भी बातचीत की थी।
सुनीता केजरीवाल को भाभी कहते हैं कार्यकर्ता
1993 बैच की IRS अधिकारी को एक मजबूत महिला के रूप में जाना जाता है और पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ उनके मधुर संबंध हैं। उन्हें पार्टी नेता और कार्यकर्ता 'भाभी' कह कर पुकारते हैं।
वही वो व्यक्ति हैं, जिनके पास AAP नेता किसी समस्या को लेकर तब आते हैं, जब वे सीधे मुख्यमंत्री से संपर्क करने में झिझकते हैं। पिछली दिवाली पर जब आप सुप्रीमो ने इसी मामले में गिरफ्तार किए गए मनीष सिसोदिया और संजय सिंह के परिवारों से मुलाकात की थी, तब वह अरविंद केजरीवाल के साथ थीं।
2011 के जन लोकपाल भ्रष्टाचार विरोधी आंदोलन के दौरान, जिसमें अरविंद केजरीवाल राष्ट्रीय मंच पर अन्ना हजारे के राइट हैंड के रूप में उभरे, सुनीता केजरीवाल तब भी एक सरकारी अधिकारी के रूप में तैनात थीं, लेकिन वह रामलीला मैदान में भी उतनी ही सक्रिय थीं और हर बार जब उनके पति अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठते थे, तो चुपचाप प्रार्थना करती थीं।
2015 के दिल्ली चुनावों में AAP की जीत के बाद दोनों की एक-दूसरे को गले लगाते हुए तस्वीर भी वायरल हो गई थी।
राजनीति में केजरीवाल ने खुद को एक पारिवारिक व्यक्ति के तौर पर पेश किया है। उनके माता-पिता, पत्नी और दो बच्चों की हमेशा चुनाव के दिनों में मतदान केंद्रों पर जाते समय या मंदिरों में दर्शन करते समय उनके साथ तस्वीरें खींची जाती हैं। इसका सबसे ताजा उदाहरण अयोध्या के राम मंदिर में उनकी मौजूदगी है।
घर को भी अच्छे से संभालती हैं
घर पर सुनीता केजरीवाल अपने पति और सास-ससुर के खान-पान का पूरा ध्यान रखती हैं। पिछले साल जनवरी में, जब केजरीवाल की मां, गीता देवी को अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा, तो सुनीता लगातार उनके साथ थीं, जबकि अरविंद केजरीवाल जब भी अपने काम से समय निकाल करही उन्हें देखने जा पाते थे।
IRS की ट्रेनिंग के दौरान अरविंद ने सुनीता को प्रपोज किया था, तो दोनों को ही नहीं मालूम होगा कि कुछ दशकों बाद वह राजनीति की दुनिया में कदम रखेंगी।
सुनीता केजरीवाल दिल्ली में प्रचार अभियान पर हैं और भाषण देने के बजाय घर-घर जाना पसंद करती हैं। दरवाजे खटखटाना, लोगों को पार्टी की गारंटी के बारे में बताना, उनकी शिकायतें सुनना पूर्व IRS अधिकारी शुरुआत से ही ऐसा करती आई हैं।
'मैं अपने देवर के लिए वोट मांगने आई हूं'
पंजाब चुनाव के दौरान उन्होंने अपनी बेटी हर्षिता के साथ प्रचार किया था। मौजूदा मुख्यमंत्री भगवंत मान के लिए प्रचार करते हुए उन्होंने लोगों से कहा, "मैं अपने देवर के लिए वोट मांगने आई हूं।"
क्या सुनीता केजरीवाल संभालेंगी कमान?
आप मंत्री सौरभ भारद्वाज ने कहा कि स्थिति को अलग नजरिए से देखा जाएगा।
उन्होंने कहा, "वह कोई साधारण महिला नहीं हैं। वह अरविंद केजरीवाल की तरह एक IRS अधिकारी थीं। वह एक दशक से ज्यादा समय तक IRS में रहीं। अरविंद केजरीवाल ने बहुत पहले IRS से इस्तीफा दे दिया था, लेकिन वह एक दशक से ज्यादा समय तक नौकरी करती रहीं।
भारद्वाज ने कहा, "एक पत्नी होने के नाते उन्होंने अरविंद केजरीवाल के जीवन में आने वाले सभी उतार-चढ़ाव को देखा है, जब वह एक IRS अधिकारी थे, एक मुख्यमंत्री या फिर जब वह एक मामूली कार्यकर्ता थे। अब यह एक असाधारण परिस्थिति है, जब उनके पति झूठे आरोप में जेल में है। अरविंद केजरीवाल ने एक मैसेज भेजा है और इसे उनकी पत्नी से बेहतर कौन बता सकता है?"
ये पूछे जाने पर कि अगर स्थिति बदली, तो क्या सुनीता केजरीवाल पार्टी का नेतृत्व करेंगी और क्या यह कैडर को मंजूर होगा, भारद्वाज ने कहा, “केजरीवाल जो कुछ भी कहते हैं वह पार्टी को मंजूर है। जब भी स्थिति आएगी हम निर्णय लेंगे।"