Get App

बिहार में बीजेपी का सूपड़ा साफ, महागठबंधन की शानदार जीत

नीतीश कुमार और लालू यादव के बवंडर में मोदी लहर पूरी तरह हवा हो गई।

MoneyControl Newsअपडेटेड Nov 08, 2015 पर 2:44 PM
बिहार में बीजेपी का सूपड़ा साफ, महागठबंधन की शानदार जीत

बिहार की लड़ाई में जनता ने अपना फैसला सुना दिया है और लालू और नीतीश की जोड़ी रंग लाई है। नीतीश कुमार की अगुवाई में महागठबंधन ने धमाकेदार जीत दर्ज की है।

महागठबंधन को 178 सीटें मिली हैं तो वहीं बीजेपी अपने सभी सहयोगियों के साथ मिलकर भी मुश्किल से 58 सीटें ही हासिल कर पाई है। लालू-नीतीश ने जो समीकरण बनाया वो पूरी तरह सुपरहिट रहा और एनडीए हर मोर्चे पर बुरी तरह पिटा है। लालू-नीतीश के सामने मोदी का मैजिक, अमित शाह का गणित धराशायी हो गया।

बिहार के 243 सदस्यीय विधानसभा चुनाव के जो नतीजे सामने आ रहे हैं वो बता रहे हैं कि नीतीश कुमार और लालू यादव के बवंडर में मोदी लहर पूरी तरह हवा हो गई। महागठबंधन को शानदार बहुमत मिला है।

बिहार में महागठबंधन को 243 में से 178 सीटें मिली हैं, जो बहुमत के 122 सीटों के आंकड़ों से कहीं आगे है। महागठबंधन में शामिल जेडीयू को 71 सीटें, आरजेडी को सबसे ज्यादा 80 सीटें और कांग्रेस के खाते में 27 सीटें आई हैं।

वहीं बिहार चुनाव में एनडीए को 58 सीटें मिली हैं। एनडीए में शामिल बीजेपी के खाते में 53 सीटें, एलजेपी के खाते में 2 सीटें, आरएलएसपी के खाते में 2 सीटें और जीतन राम मांझी की पार्टी हम के खाते में 1 सीट आई है। अन्य के खाते में 7 सीटें आई हैं।

रुझानों के बाद जहां बीजेपी खेमे में खामोशी है और बैठकों का दौर शुरू हो गया है, वहीं महागठबंधन खेमे में जबरदस्त उत्साह और जश्न का माहौल है। आज सुबह लालू यादव ने कहा था, गुड मॉर्निंग हम जीत रहे हैं। लालू की ये बात सही भी साबित हुई।

8 बजे मतगणना शुरू होती ही शुरुआती रुझान में बीजेपी गठबंधन काफी आगे दिख रहा था, लेकिन समय बढ़ने के साथ साथ महागठबंधन ने एनडीए की बढ़त को पूरी तरह रोक दिया। 9 बजे तक महागठबंन पूरे रंग में आ चुका था और उसने एनडीए की बढ़त को ना सिर्फ रोका बल्कि उससे आगे भी निकल गया।

सब समाचार

+ और भी पढ़ें