President Droupadi Murmu Punjab Visit: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू (President Droupadi Murmu) आज यानी 9 मार्च को अमृतसर (Amritsar) का दौरा करेंगी। इस दौरान वह श्री हरमंदिर साहिब (स्वर्ण मंदिर), जलियांवाला बाग, दुर्गियाना मंदिर और भगवान वाल्मीकि राम तीर्थ स्थल की यात्रा करेंगी। एक आधिकारिक बयान के अनुसार, राष्ट्रपति मुर्मू का पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान अमृतसर एयरपोर्ट पर स्वागत करेंगे।
एक दिवसीय दौरे पर पंजाब के मुख्यमंत्री मान भी राष्ट्रपति मुर्मू के साथ जाएंगे। राष्ट्रपति उपरोक्त धार्मिक स्थलों पर मत्था टेकने के बाद भगवान वाल्मीकि तीर्थ स्थल के साथ दुर्गियाना मंदिर भी जाएंगी। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए अमृतसर शहर को 5 सेक्टरों में बांटा गया है। साथ ही कई रूट्स पर ट्रैफिक डायवर्ट भी किया गया है, जिसके चलते आम जनता को थोड़ी परेशानी भी हो सकती है।
रिपोर्ट के मुताबिक, करीब 12 बजे द्रौपदी मुर्मू अमृतसर एयरपोर्ट पर पहुंचेंगी। जिसके चलते 12 से 1 बजे तक अमृतसर एयरपोर्ट रोड को पूरी तरह से बंद रखा जाएगा। वहीं, 12 से 2 बजे के बीच अमृतसर के श्री गुरु रामदास जी इंटरनेशनल एयरपोर्ट से दो इंटरनेशनल फ्लाइट्स रवाना होंगी। जिसके चलते एयर इंडिया ने यात्रियों के लिए हिदायतें भी जारी कर दी हैं।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू अपने एक दिवसीय दौरे के दौरान श्री हरमंदिर साहिब जी में माथा टेकेंगी और जलियांवाला बाग, श्री दुर्गियाना मंदिर और श्री रामतीर्थ के भी दर्शन करेंगी। राष्ट्रपति शहर में करीब 4 घंटे तक रहने वाली हैं। इस दौरान अजनाला से शहर की तरफ जाने वाले ट्रैफिक को राजासांसी से, घी मंडी चौक की ट्रैफिक को सुल्तानविंड चौक से, जीटी रोड जालंधर से आने वाली ट्रैफिक को गोल्डन गेट से वल्ला-वेरका बाईपास की तरफ, गेट हकीमा-झबाल रोड की साइड से आने वाली ट्रैफिक को चौक खजाना-लोहगढ़ से, जिला तरनतारन से आने वाली ट्रैफिक को पुल कोट मित सिंह से तारावाले पुल की तरफ डायवर्ट कर दिया गया है।
DCP परमिंदर सिंह भंडाल ने कहा कि श्री गुरु राम दास इंटरनेशनल एयरपोर्ट से स्वर्ण मंदिर तक का रास्ता दोपहर 12 बजे से एक बजे के बीच बंद रहेगा। SGPC (शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी) राष्ट्रपति की यात्रा के दौरान 'बंदी सिंह' (सिख राजनीतिक कैदियों) की रिहाई के मुद्दे को उठाने की योजना बना रही है। SGPC के महासचिव गुरचरण सिंह ग्रेवाल ने कहा कि राष्ट्रपति की यात्रा उनके साथ पंथिक मुद्दों पर चर्चा करने का अवसर होगा।
उन्होंने कहा कि बंदी सिंह की रिलीज का मुद्दा राष्ट्रपति के सामने उठाया जाएगा। इसके अलावा, उन्हें तदर्थ हरियाणा सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी द्वारा सिख मंदिरों और संस्थानों के 'अवैध कब्जे' से अवगत कराया जाएगा। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने पिछले दिनों राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति मुर्मू से मुलाकात की थी। इस दौरान उन्हें पंजाब आने का न्यौता दिया था।