IMD Rainfall Alert: दिल्ली और मुंबई सहित इन राज्यों में आज भी भारी बारिश के आसार, जानें आपके शहर में कैसा रहेगा मौसम

IMD Rainfall Alert: मुंबई एवं उसके आस पास के उपनगरीय शहरों में मंगलवार सुबह बेमौसम भारी बारिश हुई, जिससे पारा गिर गया। अधिकारियों ने बताया कि बारिश से लोकल ट्रेन सेवाओं और बसों की सेवाओं पर कोई असर नहीं पड़ा। उपनगरीय शहरों जैसे कि ठाणे, मीरा-भाईंदर और वसई-विरार में भी सुबह भारी बारिश हुई

अपडेटेड Mar 21, 2023 पर 1:26 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
IMD ने आज दिन में आंशिक रूप से हल्की बारिश के साथ बादल छाए रहने या छिटपुट बारिश होने का अनुमान जताया है

IMD Rainfall Alert: इंडिया मेट्रोलॉजिकल डिपार्टमेंट (IMD) ने आज यानी 21 मार्च को उत्तर पश्चिम और पूर्वी भारत में बारिश/आंधी/ओलावृष्टि गतिविधि में कुछ कमी की भविष्यवाणी की है। मौसम कार्यालय ने अपनी आधिकारिक विज्ञप्ति में कहा है कि 22 मार्च तक बारिश में उल्लेखनीय कमी आएगी। हालांकि, 23 मार्च से उत्तर पश्चिम भारत में गरज के साथ बारिश का एक नया दौर शुरू होने की आशंका है। IMD के अनुसार, 21 से 23 मार्च के दौरान पश्चिम बंगाल, सिक्किम और पूर्वोत्तर भारत में गरज, बिजली और तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश की गतिविधि जारी रहने की आशंका है।

IMD मुंबई ने भी अगले 3-4 घंटों के दौरान तेज हवाओं के साथ बिजली गिरने और हल्की से मध्यम बारिश की भविष्यवाणी की है। अगले 3-4 घंटों के दौरान मुंबई, ठाणे, रायगढ़ जिलों में अलग-अलग स्थानों पर 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली तेज हवाओं के साथ बिजली गिरने और हल्की से मध्यम बारिश होने की आशंका है।

मौसम कार्यालय ने 21 से 22 तारीख के दौरान अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में छिटपुट से लेकर भारी बारिश की भी भविष्यवाणी की है। 21 मार्च को नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में बारिश हो सकती है।


मौसम विभाग के अनुसार, "अगले 24 घंटों के दौरान करनाल, गन्नौर (हरियाणा) गंगोह, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, खतौली, सकोटी टांडा, हस्तिनापुर, दौराला, मेरठ, संभल (यूपी) के आस-पास के क्षेत्रों में हल्की से मध्यम तीव्रता की बारिश होगी।"

दिल्ली में भी बारिश के आसार

दिल्ली में पिछले 24 घंटे के दौरान मंगलवार को सुबह साढ़े आठ बजे तक 10 मिलीमीटर बारिश हुई जो पिछले तीन साल में मार्च के महीने में हुई सर्वाधिक बारिश है। IMD ने बताया कि राष्ट्रीय राजधानी में न्यूनतम तापमान 14.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम के औसत तापमान से दो डिग्री कम है। मौसम कार्यालय ने आज दिन में आंशिक रूप से हल्की बारिश के साथ बादल छाए रहने या छिटपुट बारिश होने का अनुमान जताया है। आज पूरे दिन अधिकतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के करीब रहने की संभावना है।

मौसम विभाग के मुताबिक, दिल्ली में सोमवार को सिर्फ तीन घंटे में 6.6 मिमी बारिश दर्ज की गई जो पिछले तीन साल में मार्च के महीने में 24 घंटे की अवधि के दौरान हुई सबसे ज्यादा बारिश है। सोमवार शाम को राष्ट्रीय राजधानी के कई इलाकों में भारी बारिश हुई। इससे सड़कों पर जलजमाव हो गया और ट्रैफिक बाधित हुआ। इससे पहले दिन में दिल्ली में मौसम सुहावना रहा और अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री कम 27.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मुंबई में बेमौसम भारी बारिश

महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई एवं उसके आस पास के उपनगरीय शहरों में मंगलवार सुबह बेमौसम भारी बारिश हुई, जिससे पारा गिर गया। अधिकारियों ने बताया कि बारिश से लोकल ट्रेन सेवाओं और बसों की सेवाओं पर कोई असर नहीं पड़ा। उपनगरीय शहरों जैसे कि ठाणे, मीरा-भाईंदर और वसई-विरार में भी सुबह भारी बारिश हुई। मौसम विभाग ने पछुआ हवाओं और अरब सागर से आने वाली नमी को बारिश के लिए जिम्मेदार बताया है।

ये भी पढ़ें- केंद्र ने दिल्ली सरकार के बजट पर लगाई रोक? केजरीवाल के आरोपों पर गृह मंत्रालय और LG का आया बयान, जानें कहां फंसा है पेच

बता दें कि मार्च में मुंबई में बारिश होना असमान्य है। बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) ने कहा कि मुंबई शहर के कुछ हिस्सों और उपनगरीय शहरों में सुबह सात से आठ बजे के बीच 20-25 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। मध्य मुंबई के इलाकों जैसे कि मांडवी दमकल केंद्र, मेमनवाड़ा दमकल केंद्र, भायखला दमकल केंद्र और BMC मुख्यालय में क्रमशः 28 मिलीमीटर, 25 मिलीमीटर, 23 मिलीमीटर और 19 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।