राजस्थान: बाड़मेर में क्रैश हुआ भारतीय वायुसेना का मिग-21 लड़ाकू विमान, दो पायलटों के मौत की खबर

MiG-21 Crash in Barmer: भारतीय वायुसेना (Indian Air Force) का एक मिग-21 लड़ाकू विमान (MiG-21 Fighter Plane) गुरुवार 28 जुलाई को राजस्थान के बाड़मेर (Barmer) जिले के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया

अपडेटेड Jul 28, 2022 पर 11:21 PM
Story continues below Advertisement
MiG-21 Crash in Barmer: क्रैश होने के बाद विमान का मलबा आधा किलोमीटर दूर तक फैल गया

भारतीय वायुसेना (Indian Air Force) का एक मिग-21 लड़ाकू विमान (MiG-21 Fighter Plane) गुरुवार 28 जुलाई को राजस्थान के बाड़मेर (Barmer) जिले के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया। जानकारी के मुताबिक लड़ाकू विमान के क्रैश होने के बाद उसका मलबा आधा किलोमीटर दूर तक फैल गया और उनमें आग लग गई। हादसे के वक्त विमान में दो पायलट सवार थे और दोनों की मौत की खबर आ रही है। वायुसेना ने रात 11 बजे एक बयान जारी दोनों पायलटों के मौत की पुष्टि की।

वायुसेना ने एक बयान में कहा, "शाम 9:10 बजे के करीब भारतीय वायुसेना का एक मिग-21 प्रशिक्षण विमान एक प्रशिक्षण उड़ान के दौरान पश्चिमी सेक्टर में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में दोनों पायलट की मौत हो गई।" बयान में आगे कहा गया, "भारतीय वायुसेना को दोनों पायलटों की मौत का गहरा अफसोस है और वह शोक में डूबे उनके परिवारों के साथ मजबूती से खड़ा है। हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए कोर्ट ऑफ इंक्वायरी के आदेश दे दिए गए हैं।"

भारतीय वायुसेना के बयान को आप नीचे देख सकते हैं-


रात 9 बजे के करीब बाड़मेर जिले के भीमड़ा गांव के पास जोरदार धमाके के साथ लोगों को आग दिखाई दी। गाम्रीणों के मुताबिक, विमान जैसे ही जमीन पर गिरा, उसमें आग लग गई। विमान जहां गिरा, वह कई फीट गड्ढा हो गया। सूचना मिलते ही जिला कलक्टर, एसपी समेत वायुसेना के अधिकारी मौके के लिए रवाना हुए। मौके पर रेसेक्यू ऑपरेशन चलाया गया।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने बाड़मेर में मिग-21 लड़ाकू विमान के क्रैश होने को लेकर भारतीय वायु सेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल विवेक राम चौधरी से बात की। वायुसेना अध्यक्ष ने उन्हें घटना के बारे में विस्तार से जानकारी दी। राजनाथ सिंह ने एक ट्वीट में कहा, "राजस्थान के बाड़मेर के पास भारतीय वायुसेना के एक मिग-21 ट्रेनर विमान के क्रैश होने की घटना में दो 'वायु योद्धाओं' की मौत का गहरा दुख है। राष्ट्र के प्रति उनकी सेवा को कभी भुलाया नहीं जा सकेगा। दुख की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं।"

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।