Sabarmati Express Derailed: कानपुर में साबरमती एक्सप्रेस के 22 डिब्बे पटरी से उतरे, रेल मंत्री ने किसी भारी चीज से टकराना बताया वजह

Sabarmati Express Derailed: हादसा 17 अगस्त को तड़के ढाई बजे के करीब कानपुर और भीमसेन रेलवे स्टेशन के बीच ब्लॉक सेक्शन में हुआ। यात्रियों के परिजनों के लिए इमरजेंसी हेल्पलाइन नंबर जारी कर दिए गए हैं। यात्रियों को बस से कानपुर सेंट्रल स्टेशन भेजा गया है, जहां से उन्हें उनके ​डेस्टिनेशन की ओर रवाना किया जाएगा। रेल मंत्री का कहना है कि यात्रियों या कर्मचारियों को कोई चोट नहीं आई है

अपडेटेड Aug 17, 2024 पर 3:14 PM
Story continues below Advertisement
गोविंदपुरी-भीमसेन स्टेशन के बीच हुए इस हादसे के चलते रेलवे ने कुछ ट्रेनों को कैंसिल कर दिया है।

Train Derailed in Kanpur: उत्तर प्रदेश के कानपुर के पास साबरमती एक्सप्रेस के 22 डिब्बे पटरी से उतर गए हैं। ट्रेन नंबर 19168, वाराणसी से अहमदाबाद जा रही थी। रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। हादसा कानपुर के गोविंदपुरी स्टेशन के पास शनिवार, 17 अगस्त को तड़के करीब ढाई बजे हुआ। इस हादसे में जानमाल के नुकसान की फिलहाल कोई खबर नहीं है।

न्यूज एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, उत्तर-मध्य रेलवे (एनसीआर) के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी शशिकांत त्रिपाठी ने बताया है कि साबरमती एक्सप्रेस के डिब्बे कानपुर और भीमसेन रेलवे स्टेशन के बीच पटरी से उतर गए। इस हादसे में किसी के मारे जाने या घायल होने की फिलहाल कोई खबर नहीं है।

एक बड़े पत्थर का टकराना बताया जा रहा वजह


त्रिपाठी के मुताबिक, ड्राइवर से पूछताछ में पता चला है कि ट्रेन के इंजन से कोई बड़ा पत्थर आ टकराया, जिससे शायद यह हादसा हुआ। ट्रेन में इंजन के अगले हिस्से में जानवरों से बचाव के लिए लगा 'कैटल गार्ड' बुरी तरह से क्षतिग्रस्त होकर मुड़ गया। भारतीय रेलवे फिलहाल इस घटना की जांच कर रही है। भारतीय रेलवे ने यात्रियों को कानपुर पहुंचाने के लिए बसें मौके पर भेज दी हैं और वे यात्रियों को लेकर कानपुर के लिए रवाना हो गई हैं।

त्रिपाठी ने बताया कि यात्रियों को बस से कानपुर सेंट्रल स्टेशन भेजा गया है, जहां से उन्हें उनके ​डेस्टिनेशन की ओर रवाना किया जाएगा। इसके अलावा, 8 डिब्बों वाली एक मेमू ट्रेन को कानपुर से दुर्घटनास्थल के लिए रवाना किया गया है, ताकि यात्रियों को कानपुर लाकर उन्हें उनकी डेस्टिनेशन तक भेजने की व्यवस्था की जा सके। इस हादसे की वजह से कानपुर-झांसी मार्ग पर ट्रेनों के ऑपरेशंस में रुकावट आई है, जिसे बहाल करने के लिए रेलवे के तकनीकी अधिकारियों की टीम घटनास्थल पर पहुंच गई है।

इंटेलिजेंस ब्यूरो (IB) और उत्तर प्रदेश पुलिस घटना में शरारती या असामाजिक तत्वों का हाथ होने की जांच कर रहे हैं, क्योंकि शुरुआती तौर पर ऐसा लगता है कि ट्रेन का इंजन, पटरी पर रखी किसी चीज से टकरा गया। पीटीआई के मुताबिक, अधिकारी ने कहा, "ट्रेन के 16वें डिब्बे के पास हमें एक संदिग्ध चीज मिली है। इंजन के 'कैटल गार्ड' को पहुंचे नुकसान को देखकर ऐसा लगता है कि इंजन इसी संदिग्ध चीज से टकराया और पटरी से उतर गया।" टक्कर की तेज आवाज के बाद जब ट्रेन रुकी, तब उसमें सवार ज्यादातर यात्री सो रहे थे।

मोदी कैबिनेट ने ठाणे, पुणे, बेंगलुरु के लिए मेट्रो प्रोजेक्ट, 2 नई एयरपोर्ट फैसिलिटी को दी मंजूरी

इमरजेंसी हेल्पलाइन नंबर 

संबंधित स्टेशनों के लिए इमरजेंसी हेल्पलाइन नंबर जारी हुए हैं। जो इस तरह हैं...

  • प्रयागराज: 0532-2408128, 0532-2407353, 0532-2408149
  • कानपुर: 0512-2323018, 0512-2323016, 0512-2323015
  • मिर्जापुर: 0544-2220097
  • फतेहपुर: 7392964622
  • नैनी: 0532-2697252
  • इटावा: 7525001249
  • फफूंद: 7505720185
  • CAR: 8840377893
  • HRS/ASM: 7525001336
  • टूंडला: 7392959702
  • अहमदाबाद: 07922113977
  • बनारस सिटी: 8303994411
  • गोरखपुर: 0551-2208088

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट में कहा, “साबरमती एक्सप्रेस (वाराणसी-अहमदाबाद) का इंजन आज तड़के 2.35 बजे कानपुर के पास ट्रैक पर रखी किसी चीज से टकराकर पटरी से उतर गया। तेजी से टकराने के निशान देखे गए हैं। सबूत सुरक्षित हैं। IB और उत्तर प्रदेश पुलिस भी इस पर काम कर रहे हैं। यात्रियों या कर्मचारियों को कोई चोट नहीं आई है। यात्रियों की आगे की यात्रा के लिए ट्रेन की व्यवस्था की गई है।”

Mpox के लक्षण क्या हैं और कैसे कर सकते हैं बचाव, इसके महामारी बनने से पहले जान लीजिए हर जरूरी बात

ये ट्रेन हुईं कैंसिल और डायवर्ट

रेलवे के अनुसार, गोविंदपुरी-भीमसेन स्टेशन के बीच हुए इस हादसे के चलते 7 ट्रेन रद्द कर दी गई हैं, जबकि 3 के रूट में बदलाव किया गया है। अभी तक मिली जानकारी के मुताबिक, कैंसिल और डायवर्टेड ट्रेन्स की कुछ डिटेल इस तरह हैं...

  • 17 अगस्त की ट्रेन नंबर 14110/14109 (सीएनबी-सीकेटीडी) जेसीओ को कैंसिल कर दिया गया है।
  • 17 अगस्त की ट्रेन नंबर 04143 (केयूआरजी-सीएनबी) जेसीओ का बांदा जंक्शन रेलवे स्टेशन पर शॉर्ट टर्मिनेशन किया गया है।
  • 17 अगस्त की ट्रेन नंबर 04144 (सीएनबी-केयूआरजी) जेसीओ को Ex BNDA पर शॉर्ट ओरिजिनेट किया गया है।
  • 16 अगस्त की ट्रेन नंबर 05326 (एलटीटी-जीकेपी) जेसीओ का रूट डायवर्ट किया गया है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।