SCO Summit 2023: गलवान झड़प के बाद इस सप्ताह पहली बार भारत-चीन के रक्षा मंत्री की होगी मुलाकात, इन मुद्दों पर होगी चर्चा

SCO Summit 2023: शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) की 27 तथा 28 अप्रैल को होने वाली बैठक में हिस्सा लेने के लिए चीन के रक्षा मंत्री ली शांगफू की भारत यात्रा पर आ रहे हैं।चीनी राष्ट्रपति शी चिनफिंग के करीबी सहयोगी माने जाने वाले जनरल ली की भारत यात्रा को महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि यह मई 2020 से पूर्वी लद्दाख में भारत और चीन की सेनाओं के मध्य तनावपूर्ण गतिरोध के बीच हो रही है

अपडेटेड Apr 26, 2023 पर 8:29 AM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
SCO Summit 2023: चीनी रक्षामंत्री की भारत यात्रा पूर्वी लद्दाख में तीन साल से जारी सीमा विवाद के बीच हो रही है

SCO Summit 2023: चीन के रक्षा मंत्री जनरल ली शांगफू (General Li Shangfu) इस सप्ताह 27 और 28 अप्रैल को शंघाई सहयोग संगठन (SCO) की बैठक में हिस्सा लेने के लिए भारत आएंगे। भारत अध्यक्ष के रूप में एससीओ रक्षा मंत्रियों की बैठक की मेजबानी करेगा। उम्मीद है कि रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह (Rajnath Singh) अपने चीनी समकक्ष शांगफू के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे। एससीओ की बैठक से पहले, भारत-चीन कोर कमांडर स्तर की 18वें दौर की वार्ता रविवार को हुई, लेकिन यह देपसांग मैदानों के विवादास्पद मुद्दे और पूर्वी लद्दाख में वास्तविक नियंत्रण रेखा (LAC) पर डी-एस्केलेशन पर प्रगति करने में विफल रही।

चीनी राष्ट्रपति शी चिनफिंग (xi jinping) के बेहद करीबी सहयोगी माने जाने वाले जनरल ली की भारत यात्रा को महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि यह मई 2020 से पूर्वी लद्दाख में भारत और चीन की सेनाओं के मध्य तनावपूर्ण गतिरोध के बीच हो रही है। पाकिस्तान के ख्वाजा आसिफ को छोड़कर चीनी रक्षा मंत्री ली शांगफू, रूस के सर्गेई शोइगू और समूह के अन्य सदस्य देशों के रक्षा मंत्री बैठक में भाग लेने वाले हैं।

चीन के रक्षा मंत्रालय ने की पुष्टि


चीन के रक्षा मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि भारत के आमंत्रण पर चीनी स्टेट काउंसलर और रक्षा मंत्री जनरल ली शांगफू 27-28 अप्रैल से नई दिल्ली में शंघाई सहयोग संगठन (SCO) के सदस्य देशों के रक्षा मंत्रियों की परिषद की बैठक में भाग लेंगे। बयान में आगे कहा गया कि बैठक के दौरान, जनरल ली सम्मेलन को संबोधित करेंगे और अंतरराष्ट्रीय तथा क्षेत्रीय हालात के साथ-साथ रक्षा और सुरक्षा सहयोग के मुद्दों पर संवाद करने एवं विचारों का आदान-प्रदान करने के लिए संबंधित देशों के प्रतिनिधिमंडलों के प्रमुखों से मिलेंगे।

सीमा विवाद के बीच हो रही यात्रा

ली की भारत यात्रा पूर्वी लद्दाख में तीन साल से जारी सीमा विवाद के बीच हो रही है। कुछ दिन पहले भारत और चीन ने गतिरोध वाले शेष स्थानों के मुद्दों को हल करने के लिए नए दौर की सैन्य वार्ता आयोजित की थी। रक्षा मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि क्षेत्रीय शांति और सुरक्षा, आतंकवाद रोधी प्रयासों से संबंधित मुद्दों पर चर्चा होगी। बयान में कहा गया कि 2023 में भारत की अध्यक्षता में समूह का विषय ‘सिक्योर एससीओ (SECURE-SCO)’ है।

राजनाथ सिंह कर सकते हैं द्विपक्षीय वार्ता

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और ली दिल्ली में एससीओ की बैठक से अलग द्विपक्षीय वार्ता कर सकते हैं। सिंह एससीओ बैठक से इतर भारत आने वाले रक्षा मंत्रियों के साथ द्विपक्षीय बैठक करेंगे। एससीओ बैठक की अध्यक्षता राजनाथ सिंह करेंगे। एससीओ के रक्षा मंत्रियों की बैठक में अफगानिस्तान की स्थिति पर भी विचार-विमर्श किए जाने की उम्मीद है।

ये देश होंगे शामिल

SCO के सदस्य देशों में भारत के अलावा कजाकिस्तान, चीन, किर्गिस्तान, पाकिस्तान, रूस, ताजिकिस्तान और उज्बेकिस्तान शामिल हैं। सदस्य देशों के अलावा, दो पर्यवेक्षक देश बेलारूस और ईरान भी एससीओ के रक्षा मंत्रियों की बैठक में भाग लेंगे। सूत्रों ने बताया कि पाकिस्तानी रक्षा मंत्री वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए बैठक में शामिल हो सकते हैं।

विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने दो मार्च को चीन के अपने समकक्ष छिन कांग के साथ नई दिल्ली में G20 समूह की एक बैठक से इतर वार्ता की थी। इसमें जयशंकर ने कांग से कहा था कि भारत और चीन के संबंधों की स्थिति ‘असामान्य’ है।

ये भी पढ़ें- मुनाफा 21% घटा, फिर भी हर शेयर पर 150 रुपये का भारी डिविडेंड देगी कंपनी

पूर्वी लद्दाख में 5 मई 2020 को दोनों देशों के सैनिकों के बीच हिंसक झड़प के बाद वहां गतिरोध शुरू हुआ। इसके बाद दोनों देशों के बीच सैन्य तथा कूटनीतिक स्तर की कई दौर की वार्ता के परिणामस्वरूप, दोनों पक्षों ने पैंगोंग झील के उत्तर तथा दक्षिण किनारे और गोगरा क्षेत्र से अपने-अपने सैनिक पीछे हटाए थे। हालांकि, कुछ मुद्दे अब भी सुलझ नहीं पाए हैं।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।