Air India की टूटी सीट पर शिवराज सिंह चौहान ने लिया आड़े हाथों, पूछा- 'क्या यह यात्रियों के साथ धोखा नहीं है?'

शिवराज सिंह चौहान पूसा में किसान मेले का उद्घाटन करने, कुरुक्षेत्र में प्राकृतिक खेती मिशन की मीटिंग अटेंड करने और चंडीगढ़ में किसान संगठन के माननीय प्रतिनिधियों से चर्चा करने के लिए भोपाल से दिल्ली आए हुए हैं। चौहान ने अपनी पोस्ट में Air India को टैग किया था। उनके खराब अनुभव के लिए एयरलाइन की ओर से माफी मांगी गई है

अपडेटेड Feb 22, 2025 पर 1:07 PM
Story continues below Advertisement
शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि यात्रियों से पूरा पैसा वसूलने के बाद उन्हें खराब और कष्टदायक सीट पर बैठाना अनैतिक है।

केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान (Shivraj Singh Chouhan) ने अपने एक असुविधाजनक हवाई सफर को लेकर एयर इंडिया (Air India) को आड़े हाथों लिया है। उन्होंने एयरलाइन पर यात्रियों को एक तरह से धोखा देने का आरोप लगाया है। साथ ही पब्लिक की सुविधा सुनिश्चित करने के लिए कदम उठाने की अपील की है। चौहान ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर अपनी उड़ान का अनुभव शेयर किया है। उन्होंने लिखा...

'आज मुझे भोपाल से दिल्ली आना था, पूसा में किसान मेले का उद्घाटन, कुरुक्षेत्र में प्राकृतिक खेती मिशन की बैठक और चंडीगढ़ में किसान संगठन के माननीय प्रतिनिधियों से चर्चा करनी है। मैंने एयर इंडिया की फ्लाइट AI436 में टिकट करवाया था, मुझे सीट संख्या 8C मिली। मैं जाकर सीट पर बैठा, सीट टूटी और अंदर धंसी हुई थी। बैठना तकलीफदायक था। मैंने एयरलाइन स्टाफ से पूछा कि खराब सीट थी तो अलॉट क्यों की? उन्होंने बताया कि मैनेजमेंट को पहले इनफॉर्म कर दिया था कि यह सीट ठीक नहीं है, इसका टिकट नहीं बेचना चाहिए। ऐसी एक नहीं और भी सीटें हैं।'

चौहान ने आगे लिखा, 'को-पैसेंजर्स ने मुझे बहुत आग्रह किया कि मैं उनसे सीट बदल कर अच्छी सीट पर बैठ जाऊं लेकिन मैं अपने लिए किसी और साथी को तकलीफ क्यों दूं। मैंने फैसला किया कि मैं इसी सीट पर बैठकर अपना सफर पूरा करूंगा। मेरा मानना था कि टाटा के मैनेजमेंट के हाथ में आने के बाद एयर इंडिया की सेवा बेहतर हुई होगी, लेकिन यह मेरा भ्रम निकला।'


कृषि मंत्री ने आगे कहा, 'मुझे बैठने में कष्ट की चिंता नहीं है लेकिन यात्रियों से पूरा पैसा वसूलने के बाद उन्हें खराब और कष्टदायक सीट पर बैठाना अनैतिक है। क्या यह यात्रियों के साथ धोखा नहीं है? क्या आगे किसी यात्री को ऐसा कष्ट न हो, इसके लिए एयर इंडिया मैनेजमेंट कदम उठाएगा या यात्रियों की जल्दी पहुंचने की मजबूरी का फायदा उठाता रहेगा।'

गुजरात के एक गांव में हैं नए FBI डायरेक्टर काश पटेल की जड़ें, भगवद गीता पर हाथ रखकर ली शपथ

एयर इंडिया ने मांगी माफी

शिवराज सिंह चौहान ने अपनी पोस्ट में एयर इंडिया को टैग किया था। उनके इस खराब अनुभव के लिए एयरलाइन की ओर से X अकाउंट पर माफी मांगी गई है। लिखा है, 'सर, हमें आपको हुई असुविधा के लिए खेद है। कृपया निश्चिंत रहें, हम इस मामले को गौर से देख रहे हैं ताकि भविष्य में ऐसी कोई घटना न हो। हमें आपसे बात करके खुशी होगी, कृपया हमसे संपर्क करने के लिए सुविधाजनक समय पर हमें DM यानि डायरेक्ट मैसेज करें।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।