TamilNadu News: तमिलनाडु मे महिलाओं और ट्रांसजेंडर्स के लिए बड़े ऐलान हुए हैं। तमिलनाडु सरकार एक हजार महिलाओं और ट्रांसजेंडर्स को ऑटोरिक्शा की खरीदारी पर एक लाख रुपये की सब्सिडी देगी। यह ऐलान राज्य के लेबर वेलफेयर मिनिस्टर सीवी गणेशन ने शुक्रवार 21 जून को किया। इसका फायदा तमिलनाडु ड्राइवर्स एंड ऑटोमोबाइल वर्कशॉप वर्कर्स वेलफेयर बोर्ड के पास रजिस्टर्ड लोगों को ही मिलेगा। लेबर वेलफेयर मिनिस्टर गणेशन ने इस बात पर जोर दिया कि यह योजना महिलाओं और ट्रांसजेंडर ऑटो चालकों के बीच अधिक कमाई और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने के लिए बनाई गई है। ऑटोरिक्शा खरीदने पर सरकार सब्सिडी देकर उनकी कमाई बढ़ाएगी और कमाई के स्थायी रास्ते तैयार करेगी।
पटाखा इंडस्ट्री के लिए सरकार की ये है योजना
तमिलनाडु सरकार ऑटो की खरीदारी पर महिलाओं और ट्रांसजेंडर्स को 1 लाख रुपये की सब्सिडी देगी। इसके अलावा सरकार ने पटाखा बनाने वाली कंपनियों के लिए भी एक योजना तैयार की है। इस योजना के तहत सरकार विरुधुगनर समेत राज्य के कुछ अहम जिलों में खास ओरिएंटेशन कार्यक्रम आयोजित करेगी। ये कार्यक्रम सुरक्षा से जुड़े मानकों को लेकर आयोजित किए जाएंगे। इसके तहत पटाखा कंपनियों में काम करने की जगह पर सेफ्टी बढ़ाने और विस्फोटक सामग्रियों को संभालने वाले वर्कर्स के बीच काम करने के अच्छे तरीकों को बढ़ावा देने की जानकारी दी जाएगी।
स्किल डेवलपमेंट पर है फोकस
तमिलनाडु सरकार में मंत्री गणेशन ने खुलासा किया कि सरकार स्किल डेवलपमेंट को लेकर प्रतिबद्ध है। इसके तहत सरकारी औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान माइक्रो, स्मॉल एंड मीडियम एंटरप्राइजेज (MSME) में एंप्लॉयीज को प्रशिक्षित करने के उद्देश्य से उसके मुताबिक कार्यक्रम पेश करेंगे। गणेशन ने कहा कि इन सभी पर लेबर एंड स्किल डेवलपमेंट डिपार्टमेंट के बजट एलोकेशन पर दौरान चर्चा में जिक्र हुआ।