जल्द ही देश वासियों को एक नई वंदे भारत ट्रेन की सौगात मिलने वाली है। देश में फिलहाल 10 वंदे भारत ट्रेनें चलाई जा रही हैं। अब जल्द ही 11 वीं वंदे भारत ट्रेन पटरियों पर रफ्तार भरती नजर आएगी। ट्रेन का संचालन अप्रैल के पहले ही हफ्ते से शुरू कर दिया जाएगा। बता दें कि वंदे भारत ट्रेन देश की सबसे तेज रफ्तार से चलने वाली पहली सेमी हाई स्पीड ट्रेन है।
कहां से कहां तक चलेगी 11वीं वंदेभारत ट्रेन
भारत की 11वीं वंदे भारत ट्रेन अजमेर/जयपुर-दिल्ली के बीच शुरू की जा रही है। ऐसी संभावनाएं हैं कि ट्रेन का संचालन अगले ही महीने यानी अप्रैल के पहले ही हफ्ते से शुरू भी हो जाएगा। यह ट्रेन सुबह अजमेर से चलेगी और देपहर में दिल्ली पहुंचेगी। वहीं शाम को अजमेर से चलकर ये वापस दिल्ली पहुंच जाएगी। इस ट्रेन का संचालन उत्तर पश्चिम रेलवे के द्वारा किया जाएगा। ट्रेन कुल 442 KM की दूरी को तय करेगी।
केवल चार स्टेशनों पर रुकेगी ये ट्रेन
11वीं वंदेभारत ट्रेन का अजमेर से दिल्ली के बीच में केवल चार स्टेशनों पर ही स्टॉपेज होगा। अजमेर से चलकर दिल्ली जाने के बीच ये ट्रेन जयपुर, अलवर, रेवाड़ी और गुड़गांव स्टेशनों पर ही रुकेगी। यह ट्रेन 442 किलोमीटर की दूरी को केवल 6 घंटे में ही कवर करेगी। साथ ही ट्रेन की औसत स्पीड 72.74 KM प्रति घंटे की होगी।
अजमेर से दिल्ली के लिए ट्रेन का शेड्यूल
अजमेर से ट्रेन सुब 6.10 मिनट पर दिल्ली के लिए रवाना होगी और 7.55 पर जयपुर पहुंचेगी। जयपुर से यह ट्रेन 8 बजे चलेगी और सुबह 9.41 पर अलवर पहुंचेगी। अलवर से ट्रेन 9.43 बजे छूटेगी और 10.50 मिनट पर रेवाड़ी पहुंचेगी। रेवाड़ी से यह ट्रेन 11.25 बजे गुड़गांव और फिर दोपहर 12.15 मिनट पर दिल्ली पहुंचेगी।
ट्रेन नई दिल्ली रेलवे स्टेशन से शाम के 6.10 बजे रवाना होगी। इसके बाद ये ट्रेन 6.52 बजे गुड़गांव पहुंचेगी। यहां से ट्रेन 7.35 बजे रेवाड़ी पहुंचेगी। इसके बाद ट्रेन 8.25 बजे अलवर पहुंचेगी। ट्रेन रात के 10.20 बजे जयपुर पहुंचेगी इसके बाद ट्रेन रात के 12.15 बजे अजमेर पहुंचेगी।