Weather Update: इंडिया मेट्रोलॉजिकल डिपार्टमेंट (IMD) ने कहा है कि दिल्ली-NCR के कुछ हिस्सों में गुरुवार शाम या रात में हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। मौसम विभाग ने बारिश को लेकर येलो अलर्ट भी जारी किया है। IMD ने यह भी उल्लेख किया कि राजधानी में शुक्रवार को हल्की बारिश और तेज हवाएं चलने की आशंका है। हिंदुस्तान टाइम्स की एक रिपोर्ट के मुताबिक, IMD के वैज्ञानिक कुलदीप श्रीवास्तव ने कहा कि उत्तर-पश्चिम राजस्थान और हरियाणा के कुछ हिस्सों आंधी के साथ बारिश होने की आशंका है।
मौसम विभाग ने पहले ही भविष्यवाणी कर दी थी कि उत्तर पश्चिम भारत के कुछ हिस्सों में 23 से 25 मार्च के बीच बारिश और ओलावृष्टि का एक नया दौर शुरू होगा। अपने ताजा बुलेटिन में मौसम विभाग ने गुरुवार और शुक्रवार को पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र, साथ ही पंजाब, हरियाणा, राजस्थान के कुछ हिस्सों, हिमाचल प्रदेश और उत्तर प्रदेश में गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश की भविष्यवाणी की।
इन राज्यों में भी बारिश की चेतावनी
दक्षिण राज्यों की बात करें तो आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, तमिलनाडु के कुछ हिस्सों और केरल में भी अगले 24 घंटे के दौरान छिटपुट बारिश होगी। IMD ने कहा कि मध्य भारत में अगले दो दिनों में अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री की वृद्धि होगी। राष्ट्रीय राजधानी में सोमवार को भारी बारिश और तेज हवा चलने के बाद यह चेतावनी सामने आई है।
IMD ने अप्रैल और मई में भीषण गर्मी पड़ने की आशंका जताई है। इस वीकेंड देश के कई हिस्सों में झमाझम बारिश हुई। मौसम विभाग के अनुसार, पिछले 24 घंटों में पश्चिम उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, असम और मेघालय से अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश हुई है।
मुंबई में एक दिन में हुई पिछले 17 साल में सबसे ज्यादा बारिश
मुंबई में मंगलवार 21 मार्च को 16.6 मिलीमीटर बारिश हुई है जो मार्च 2006 के बाद अभी तक एक दिन में हुई सबसे ज्यादा बारिश है। मौसम विभाग ने एक बयान में कहा कि मंगलवार को पिछले 17 साल में एक दिन में हुई यह सबसे ज्यादा बारिश है।
इससे पहले 1918 में कोलाबा वेधशाला में शहर में मार्च में एक दिन में सबसे ज्यादा 34.3 मिलीमीटर बारिश दर्ज की थी। मुंबई में मार्च के महीने में बिरले ही बारिश होती है। मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ और अरब सागर से आयी नमी के कारण बारिश हुई है।