2000 Note Exchange: 2,000 रुपए के नोट (Rs 2000 Note) पर रोक लगाने के RBI के फैसले से बवाल मच गया है। लोग नकदी हासिल करने के लिए हाथ-पांव मार रहे हैं और लोग पेट्रोल पंप पर नोट चलाने के लिए दौड़ रहे हैं। नोट बदलने की इस जद्दोजहद के बीच, ये भी बता दें कि 2000 रुपए का नोट सिंतबर तक वैलिड है। इस बीच दिल्ली के एक तेज-तर्रार दुकानदार ने कुछ मजे लेने और लोगों के बीच फैले भ्रम का ज्यादा से ज्यादा लाभ उठाने का फैसला किया।
इस दुकानदार ने ऐसा दिमाग लगाया कि 2000 रुपए का नोट लेने में उसे फायदा ही होगा। साथ ही लोग भी नोट चलाने के लिए उसके यहां से सामान लेने जरूर पहुंचेंगे।
ये पूरा मामला दिल्ली के जीटीबी नगर में एक मीट की दुकान का है और उस दुकान के बाहर लगा एक पोस्टर सोशल मीडिया पर भी काफी वायरल है।
इस पोस्टर को आकर्षक और क्रिएटिव बनाने के लिए दुकानदार ने इस पर पिंक नोट यानि 2000 का नोट भी चिपकाया हुआ है और साथ ही ऊपर अपनी स्कीम भी लिखी हुई है।
इसमें लिखा था, "हमें 2000 रुपए का नोट दें और सरदार प्योर मीट शॉप, जीटीबी नगर, से 2100 रुपए का सामान ले जाएं।" इस पोस्ट पर लोगों ने अलग-अलग तरह से कॉमेंट किए और अपनी प्रतिक्रिया दी
सुमित अग्रवाल नाम के एक यूजर ने पोस्टर शेयर करते हुए लिखा, "अगर आपको लगता है कि RBI स्मार्ट है, तो एक बार फिर से सोचें, क्योंकि दिल्ली वाले ज्यादा स्मार्ट हैं। अपनी बिक्री बढ़ाने का क्या अनोखा तरीका है!"
इंटरनेट यूजर जमकर इस अनोखे मार्केटिंग मूव की सराहना कर रहे हैं। एक यूजर ने लिखा, "बिजनेस सेंस का मतलब ही मौके को भुनाना है।"
एक और यूजर ने मजाकिया अंदाज में कमेंट किया, "महात्मा गांधी ने सोचा भी नहीं होगा कि मीट शॉप में उनकी वैल्यू बढ़ जाएगी।"
इसके अलावा कई यूजर्स ने अलग-अलग शहरों में दुकानदारों की तरफ से अपनाई गई इसी तरह की अनोखी रणनीति का भी जिक्र किया। एक यूजर ने बताया, "ये सिर्फ दिल्ली या किसी खास जगह तक ही सीमित नहीं है। हर बिजनेस इस दौरान चाह रहा है कि जितना हो सके उतना कमा लिया जाए।"
एक और यूजर ने एक मजाकिया किस्सा शेयर करते हुए कहा, “बेंगलुरू वाले और भी स्मार्ट हैं। हम कैश ऑन डिलीवरी के लिए ऑनलाइन खाना ऑर्डर करते हैं और ₹2000 के नोट से पेमेंट करते हैं।"
19 मई, 2023 को रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (RBI) ने 2000 रुपए के नोट वापस लेने की एक महत्वपूर्ण घोषणा की। आम जनता 23 मई से, RBI के 19 रीजनल ऑफिस और गूसरे बैंकों में 2000 रुपए का नोट जमा या एक्सचेंज करा सकती है।