Atal Setu Viral Video: दक्षिण मुंबई को नवी मुंबई से जोड़ने वाले पुल 'अटल सेतु' पर घटे एक वाकये का वीडियो, सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। महाराष्ट्र के ठाणे जिले में एक कैब ड्राइवर और पुलिस के 4 कर्मचारियों की मुस्तैदी ने अटल सेतु पर 56 वर्षीय महिला की जान बचा ली। महिला अटल सेतु से अरब सागर में गिरने वाली थी। यह भी कहा जा रहा है कि महिला ने जानबूझकर समंदर में छलांग लगाई थी।
वाकया कुछ यूं है कि शुक्रवार, 16 अगस्त को शाम करीब 7 बजे मुलुंड निवासी रीमा मुकेश पटेल एक टैक्सी से अटल सेतु (Atal Bihari Vajpayee Trans Harbour Link bridge) पहुंचीं। उन्होंने न्हावा शेवा की ओर गाड़ी रुकवाई। एनडीटीवी के एक वीडियो के मुताबिक, ड्राइवर का कहना है कि महिला ने समंदर में कुछ विसर्जित करने की बात कहकर अटल सेतु पर गाड़ी रुकवाई। ड्राइवर ने मना किया कि यहां गाड़ी रोकने की इजाजत नहीं है। लेकिन महिला ने कहा कि कुछ ही देर लगेगी।
फिर चढ़ी पुल की रेलिंग पर
इसके बाद वह पुल के किनारे की रेलिंग पर बैठ गई। ड्राइवर ने महिला को रेलिंग पर चढ़ने से भी रोका। लेकिन महिला नहीं मानी। उसके बाद महिला ने पानी में कुछ फोटो और मूर्तियों का विसर्जन किया। इस दौरान महिला इधर-उधर भी देख रही थी। इस पर कैब ड्राइवर को कुछ शक हुआ और वह महिला के बगल में जाकर खड़ा हो गया। महिला पुल के पानी वाले हिस्से की ओर थी, जबकि ड्राइवर रोड पर। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में कैब ड्राइवर को महिला के बगल में खड़े हुए देखा जा सकता है।
अटल सेतु पर जगह-जगह सीसीटीवी कैमरा लगे हैं। सीसीटीवी के जरिए कंट्रोल रूम की नजर महिला पर पड़ी और तुरंत पेट्रोलिंग टीम को सूचना दी गई। इसके बाद एक गश्ती वाहन यानि पेट्रोलिंग व्हीकल तुरंत मौके पर पहुंच गया। अचानक से पेट्रोलिंग व्हीकल का सायरन सुनाई दिया। ड्राइवर का कहना है कि उसे भी समझ नहीं आया कि पुलिस को देखकर महिला का बैलेंस बिगड़ा या उसने जानबूझकर समंदर में छलांग लगा दी क्योंकि ड्राइवर का ध्यान भी पुलिस पर चला गया था।
जैसे ही महिला गिरने वाली होती है, कैब ड्राइवर बड़ी ही फुर्ती से उसे पकड़ने की कोशिश करता है। इस कोशिश में महिला के बाल उसके हाथ में आ जाते हैं। तब तक पेट्रोलिंग व्हीकल भी वहां आकर रुक जाता है। इसके बाद 4 पुलिसकर्मी तुरंत ही महिला को बचाने में जुट जाते हैं और पुल की रेलिंग पर चढ़ जाते हैं।
न्यूज एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, एक अधिकारी ने बताया, ‘‘एक पुलिसकर्मी नीचे झुक जाता है और महिला को किसी तरह पकड़ लेता है। इसके बाद चारों पुलिसकर्मी धीरे-धीरे खींचकर महिला को ऊपर ले आते हैं।’’ उन्होंने बताया कि महिला ने कहा है कि वह पुलिस को नजदीक आता देखकर हड़बड़ाहट में संतुलन खो बैठी। न्हावा शेवा पुलिस मामले की जांच कर रही है।