एयरलाइन एयर इंडिया (Air India) के केबिन क्रू की एक महिला सदस्य पर इस सप्ताह की शुरुआत में लंदन के एक होटल में एक घुसपैठिये ने हमला कर दिया। न्यूज एजेंसी पीटीआई की एक रिपोर्ट के मुताबिक, एयरलाइन इस मामले को लेकर स्थानीय पुलिस से बातचीत कर रही है। एयर इंडिया के एक प्रवक्ता ने एक बयान में कहा कि एयरलाइन एक प्रमुख अंतरराष्ट्रीय कंपनी के एक होटल में घुसपैठ की गैरकानूनी घटना से बहुत व्यथित है। इस घटना से उसके केबिन क्रू की एक सदस्य प्रभावित हुई है।
सूत्रों का कहना है कि एक बेघर व्यक्ति होटल के उस कमरे में घुस गया, जिसमें एयर इंडिया केबिन क्रू की महिला सदस्य ठहरी हुई थी और उसने उसके साथ बदसलूकी की। महिला के चिल्लाने पर आसपास के कमरों में ठहरे हुए अन्य लोग वहां पहुंचे और घुसपैठिये को पकड़ लिया। पीटीआई के मुताबिक, एक सूत्र ने बताया कि महिला का होटल में कथित तौर पर यौन उत्पीड़न किया गया, जबकि दो अन्य सूत्रों ने दावा किया कि महिला से मारपीट की गई। यह घटना लंदन के हीथ्रो हवाई अड्डे के पास एक होटल में हुई।
द हिंदू की एक रिपोर्ट के अनुसार, हमलावर ने महिला पर कपड़े के हैंगर से हमला किया और जब उसने भागने की कोशिश की तो उसे फर्श पर घसीटा। केबिन क्रू सदस्य बुरी तरह से घायल हो गई और हमलावर ने भागने की कोशिश की, लेकिन उसे पकड़ लिया गया और बाद में पुलिस को सौंप दिया गया। एयरलाइन ने बयान में कहा कि वह अपनी कर्मचारी को प्रोफेशनल काउंसिलिंग समेत हरसंभव सपोर्ट उपलब्ध करा रही है।
पीड़िता भारत लौट आई है और उसकी काउंसिलिंग की जा रही है। इस घटना के बाद एयरलाइन के कर्मचारियों ने सुरक्षा मुद्दों को लेकर कंपनी के इंटर्नल कम्युनिकेशन प्लेटफॉर्म पर शिकायत की।एक इनमें से एक शिकायत में दावा किया गया है कि होटल कर्मचारी रात को उपलब्ध नहीं थे और होटल परिसर में लोगों के आने-जाने पर कोई नियंत्रण नहीं था।