Aamir Khan Ad Row: बॉलीवुड के मिस्टर परफेक्शनिस्ट के नाम मशहूर अभिनेता आमिर खान एक नए विज्ञापन को लेकर विवादों में घिर गए हैं। इस विज्ञापन को लेकर मध्य प्रदेश के गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा सहित कई सोशल मीडिया यूजर्स ने कड़ी आपत्ति जताई है। नरोत्तम मिश्रा ने बुधवार को कहा कि बॉलीवुड सुपरस्टार आमिर खान को धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाले विज्ञापनों और कृत्यों से दूर रहना चाहिए।
दरअसल, आमिर खान और अभिनेत्री कियारा आडवाणी को एक निजी बैंक के विज्ञापन के बाद सोशल मीडिया पर आलोचनाओं का सामना करना पड़ रहा है। मिश्रा ने पत्रकारों से कहा कि आमिर खान को भारतीय परंपराओं और रीति-रिवाजों को ध्यान में रखते हुए विज्ञापन करने चाहिए।
विज्ञापन में खान और आडवाणी को नवविवाहित कपल के रूप में अपनी शादी से लौटते हुए दिखाया गया है। इस दौरान चर्चा की जा रही है कि वे दोनों विदाई के दौरान नहीं रोए थे। विज्ञापन में आगे दिखाया गया है कि जोड़ा दुल्हन के घर पहुंचता है और दूल्हा दुल्हन के घर में पहला कदम रखता है, जो परंपारिक प्रथा के विपरीत है।
जबकि पारंपरिक प्रथा के अनुसार दुल्हन, दूल्हे के घर जाती है और उसके घर में पहला कदम रखती है। पीटीआई के मुताबिक इस बारे में पूछे जाने पर मिश्रा ने कहा, "शिकायत मेरे पास भी आई है। शिकायत मिलने के बाद एक निजी बैंक के लिए अभिनेता आमिर खान का विज्ञापन मैंने भी देखा है। मेरा आमिर जी से अनुरोध है कि भारतीय परंपराओं और रीति-रिवाजों को ध्यान में रखकर आगे इस तरह का विज्ञापन करें।’’
बता दें कि इससे पहले इस साल अगस्त में अभिनेता ऋतिक रोशन वाले Zomato के विज्ञापन पर विवाद हुआ था, जिसके बाद ऑनलाइन फूड डिलीवरी फर्म ने इसे वापस ले लिया था। मध्य प्रदेश के प्रसिद्ध महाकालेश्वर मंदिर के पुजारियों ने विज्ञापन पर आपत्ति जताते हुए दावा किया था कि इससे हिंदू भावनाओं को ठेस पहुंची है।