Ramanand Sagar Ramayana: प्रभाष स्टारर 'आदिपुरुष' विवादों का पुलिंदा बनकर रह गई है। डायलॉग्स, VFX और कॉस्ट्यूम को लेकर जारी ट्रोलिंग अब बायकॉट तक पहुंच गई। 500 करोड़ में बनकर तैयार हुई ये फिल्म 300 करोड़ का आंकड़ा भी पार नहीं कर पाई है। खैर मेकर्स ने फिल्म की डूबती नैया को पार लगाने के लिए कभी VFX ठीक किए तो कभी डायलॉग्स बदले। फिल्म के खिलाफ जारी विरोध प्रदर्शन के बीच मामला कोर्ट तक जा पहुंचा है। मेकर्स पर रामायण का अपमान करने का आरोप लगा है। इसी बीच 'आदिपुरुष' की तुलना लगातार रामानंद सागर की रामायण से भी की जा रही थी। खुशखबरी! छोटे पर्दे पर रामानंद सागर की रामायण की दोबारा वापसी हो रही है।
खबर है कि अरुण गोविल और दीपिका चिखलिया का भव्य शो रामायण फिर एक बार फिर री-टेलीकास्ट किया जाएगा। ये शो 3 जुलाई से शाम साढ़े सात बजे ऑन एयर होगा। जहां कोविड के समय पर इसे दूरदर्शन पर री-टेलीकास्ट किया गया था वहीं इस बार लोगों तक इस कहानी को पहुंचाने का जिम्मा Shemaroo TV ने उठाया है। शेमारू टीवी ने खुद अपने इंस्टाग्राम अकाउंट से इसकी जानकारी दी है।
शेमारू टीवी लिखते हैं कि 'आप सभी प्रिय दर्शकों के लिए लेकर आ रहे हैं हम विश्व प्रसिद्ध पौराणिक धारावाहिक रामायण। देखिए रामायण 3 जुलाई से शाम साढ़े सात बजे Shemaroo TV पर।' इस सूचना के बाद लोगों के मन में रामायण को देखने का उत्साह फिर एक बार जग गया है। 1990 के इस शो को आज भी दर्शकों द्वारा बेहद पसंद किया जाता है। लॉकडाउन में तो रामायण ने टीआरपी के सारे रिकॉर्ड ही ध्वस्त कर दिए थे।
1987-88 में रामायण को जब छोटे पर्दे पर प्रसारित किया जाता था तो लोग सड़कों पर ही रुक जाते थे। लोग घरों में आरती की थाली सजाकर इसे देखते थे। अरुण गोविल को तो लोग आज भी राम का ही रूप समझते हैं। जहां भी जाते हैं लोग उनका भव्य स्वागत करते हैं। वहीं हाल ही में सीता का किरदार निभाने वाली दीपिका चिखलिया मिथिला घूमने गई थीं। हैरानी की बात ये है कि मिथिला के लोगों ने उन्हें वहां से एक बेटी की तरह विदा किया। उम्मीद है कि एक बार फिर ये शो टीआरपी के सारे रिकॉर्ड तोड़ेगा।