F&O Manual: 27 जून को बाजार में तेजी आई। शुरुआती तेजी के बाद, निफ्टी नीचे गया, लेकिन सभी सेक्टरों के दिग्गज शेयरों में धीरे-धीरे सुधार होने से इंडेक्स दिन के हाई पर पहुंचने में कामयाब रहा। सेक्टोलर इंडेक्सों में बैंकिंग, फाइनेंशियल और रियल्टी सबसे ज्यादा बढ़त के साथ बंद हुए थे। कल के कारोबार में ब्रॉडर मार्केट में भी तेजी देखने को मिली थी। निफ्टी के मिड और स्मॉलकैप इंडेक्स 0.50 फीसदी की बढ़त के साथ बंद हुए थे।। निफ्टी दिन के अंत में 0.68 फीसदी या 126 अंक की बढ़त के साथ 18817.40 पर बंद हुआ था।
इस हफ्ते ही निफ्टी का ऑल टाइम हाई मुमकिन
बाजार जानकारों का कहना है कि गुरुवार से बुधवार के लिए हुई एक्सपायरी में बदलाव के कारण कल इंडेक्स में शॉर्ट कवरिंग शुरू हुई। 27 जून को कारोबार के अंत तक भारी मात्रा में शॉर्ट कवरिंग हुई। हेज्ड के संस्थापक और सीईओ राहुल घोष ने कहा कि 28 जूलाई के वीकली और जुलाई की मंथली दोनों की एक्पायरी के लिए पुट राइटिंग में काफी ओपन इंटरेस्ट बनता दिखा है। 18900 और 19000 पुट में भी बढ़त देखने को मिली है। जिससे संकेत मिलता है कि इस हफ्ते ही निफ्टी अपना ऑल टाइम हाई हासिल कर सकता है। ध्यान देने योग्य बात यह है कि बैंक निफ्टी ने भी कल की तेजी में अपना योगदान दिया। इसमें भी समान रूप से बड़ी मात्रा में पुट राइटिंग देखने को मिली है।
बैंक निफ्टी इंडेक्स में भी कल जोरदार तेजी
बैंक निफ्टी इंडेक्स में भी कल जोरदार तेजी रही। तेजड़ियों बाजार की लगाम थाम ली जिसके चलते बैंक निफ्टी ने कल 44000 की बाधा को पार कर लिया। एलकेपी सिक्योरिटीज के वरिष्ठ तकनीकी और डेरिवेटिव विश्लेषक कुणाल शाह का कहना है कि यह तेजी एचडीएफसी ट्विन्स के विलय की तारीख की घोषणा के बाद आई। खरीदारी के दबाव में बढ़त के चलते 44000 कॉल ऑप्शन के राइटर्स अपनी पोजीशन कवर करने के लिए मजबूर हो गए। अगर बैंक निफ्टी 44000 के स्तर से ऊपर बने रहने में सफल रहता है, तो इसके 44500 के स्तर तक बढ़ने की संभावना है।
एलएंडटी फाइनेंशियल होल्डिंग्स में लॉन्ग बिल्डअप
एलएंडटी फाइनेंशियल होल्डिंग्स में ओपन इंटरेस्ट में 111 फीसदी की बढ़ोतरी के साथ लॉन्ग बिल्डअप देखने को मिला। लॉन्ग बिल्ड-अप एक तेजी का संकेत है जो तब होता है जब शेयर की कीमत में वृद्धि के साथ ओपन इंटरेस्ट और वॉल्यूम बढ़ता है। मैक्स फाइनेंशियल, एबी कैपिटल और कैनफिन होम्स में भी भारी मात्रा में लॉन्ग बिल्डअप देखने को मिला था।
सिप्ला कल उन कंपनियों में से थी जिनमें भारी बिकवाली हुई थी। कल इस स्टॉक के ओपन इंटरेस्ट में 46 फीसदी की बढ़ोतरी के साथ शॉर्ट बिल्डअप देखने को मिला था। शॉर्ट बिल्ड-अप एक मंदी का संकेत है जो तब होता है जब उच्च ओपन इंटरेस्ट और वॉल्यूम के साथ स्टॉक की कीमत गिरती है।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए विचार एक्सपर्ट के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदाई नहीं है। यूजर्स को मनी कंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।