गुजरात के मशहूर डेयरी ब्रांड अमूल के पैकेज्ड लस्सी (Amul Lassi Video) में फंगस वाला एक वीडियो पिछले कुछ दिनों से सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है। वीडियो में दावा किया जा रहा है कि अमूल की लस्सी में फंगस लगी हुई है। वायरल वीडियो में अमूल लस्सी के पैकेट दिख रहे हैं, जिनमें से एक 12 अक्टूबर 2023 को एक्सपायर होने वाला है। एक शख्स जब पैकेट के ऊपरी हिस्से खोलता है तो ऊपर ही फंगस जैसा पदार्थ दिखाता है, जो लस्सी के ऊपर लगा हुआ दिखाई दे रहा है। इस वायरल वीडियो (Amul Viral Video) को सोशल मीडिया पर जमकर शेयर किया जा रहा है।
ट्विटर सहित अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर वायरल वीडियो में एक शख्स अमूल की 3-4 लस्सी के पैकेट को खोलकर दिखा रहा है। शख्स वीडियो में अमूल की लस्सी दिखाते हुए इसमें एक्सपायर होने से पहले ही फंगस लगी होने का दावा कर रहा है। कथित वीडियो में पैकेट खोलने पर हरे रंग की फंगस की परत देखी जा सकती है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में अमूल की गुणवत्ता पर सवाल उठाए जा रहे हैं।
वीडियो के तेजी से वायरल होने के बाद अब अमूल कंपनी ने इसका जवाब दिया है। अमूल ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म ट्विटर पर एक बड़ी पोस्ट डालकर इसका जवाब दिया है। गुजरात कोऑपरेटिव मिल्क मार्केटिंग फेडरेशन (GCMMF) ने दावा किया है कि वायरल वीडियो फर्जी है। अमूल कंपनी ने इसे ग्राहकों के बीच गलत सूचना और भय फैलाने का प्रयास करार दिया है।
अमूल ने सफाई देते हुए बताया है कि यह वीडियो पूरी तरह से गलत और भ्रामक है। कंपनी के मुताबिक, उसके सभी प्रोडक्ट लीक प्रूफ टेक्नोलॉजी से बनाए जा रहे हैं। ऐसे में इनमें फंगस होने का सवाल ही नहीं होता है। कंपनी ने किसी भी तरह की शिकायत के लिए अपना टोल फ्री नंबर भी दिया है।
कंपनी के मुताबिक, लोगों को भ्रमित करने के लिए यह वीडियो बनाया गया है। अमूल ने लिखा है कि वह अपने सभी ग्राहकों को क्वालिटी का पूरा भरोसा दिलाती है। कंपनी के सभी प्रोडक्ट पूरी तरह से सुरक्षित हैं। कंपनी के मुताबिक, इस वीडियो को बनाने वाले से संपर्क करने का प्रयास किया जा रहा है, लेकिन कुछ पता नहीं चल सका है।