माइक्रोसॉफ्ट (Microsoft) फाउंडर और अरबपति बिल गेट्स (Bill Gates) जब युवा थे तो वह छुट्टियों या वीकेंड्स पर आराम में यकीन नहीं रखते थे। वह केवल काम को ही वरीयता देते थे। लेकिन फिर उनके विचार बदले। बिल गेट्स ने हाल ही में अपनी एक ब्लॉग पोस्ट में इस बारे में बात की है। उन्होंने अपनी पोस्ट में वर्क लाइफ बैलेंस के महत्व पर जोर दिया है। गेट्स ने 'The road ahead reaches a turning point in 2024' नामक ब्लॉग पोस्ट में एक जगह लिखा है कि जब वह अपने बच्चों की उम्र के थे, तब वह छुट्टियों या वीकेंड्स में विश्वास नहीं रखते थे। लेकिन जैसे-जैसे उनकी उम्र बढ़ी, खासकर जब से वह पिता बने, उन्हें एहसास हुआ कि जिंदगी में काम के अलावा और भी बहुत कुछ है।
उन्होंने लिखा है कि अपने बच्चों को बड़े होते देखना आनंददायक है और बच्चे अपने आप में ज्ञान के अमूल्य स्रोत हैं। ब्लॉग में, बिल गेट्स ने यह भी उल्लेख किया कि फाउंडेशन के गोलकीपर्स कार्यक्रम में उनके सबसे छोटे बच्चे फोएबे के साथ स्टेज साझा करना उनके वर्ष के मुख्य आकर्षणों में से एक था। बिल गेट्स के मुताबिक, 'मुझे इस साल फाउंडेशन के गोलकीपर्स इवेंट में अपनी बेटी फोएबे को लैंगिक समानता पर एक पैनल का संचालन करते हुए देखना अच्छा लगा। मैं हमेशा अपने तीनों बच्चों पर भरोसा कर सकता हूं कि वे मुझे इस बारे में अपडेट रखेंगे कि युवा लोग दुनिया को कैसे देखते हैं, साथ ही लेटेस्ट टिकटॉक ट्रेंड्स को लेकर भी।'
उन्होंने आगे लिखा, 'मैं अपने बच्चों के साथ छुट्टियां बिताने और थोड़ा तरोताजा होने का इंतजार कर रहा हूं। मुझे उम्मीद है कि 2024 में प्रवेश करने से पहले आप इस छुट्टियों के सीजन में मौज-मस्ती और आराम करने के लिए कुछ समय निकाल पाएंगे।'