आमतौर पर चोर जब किसी घर में चोरी करने जाते हैं तो पूरी सावधानी से जाते हैं। वहां कोई सुराग नहीं छोड़ना चाहते हैं। चोरी के बाद चोर जल्द ही दोबारा उसी जगह नहीं जाते हैं। लेकिन उत्तर प्रदेश के बांदा जिले में चोरी एक अजीब घटना सामना आई है। चोरी की इस घटना को देखकर पुलिस भी हैरान है। आम आदमी अभी तक चोरी की इस घटना नहीं पचा पा रहे हैं। दरअसल, एक चोर घर में चोरी करने के मकसद से घुसा। रात में 15,000 रुपये भी चुरा लिए। लेकिन वो अपनी बाइक पीड़ित के घर पर ही छोड़ आया। सुबह वो अपनी बाइक लेने पीड़ित के घर पहुंच गया।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, बांदा जिले के जैरी कोठी लालू के डेरा में रामसिया निषाद के घर एक चोर रात में घुस गया। उसने बक्सा तोड़कर 15,00 रुपये निकाल लिए। आवाज सुनकर पीड़ित का बेटा जग गया और शोर मचाया तो चोरी करने आया चोर भाग गया। इस दौरान वो अपनी बाइक पीड़ित के घर पर ही छोड़ आया।
...जब चोर सुबह-सुबह पहुंच गया बाइक लेने
चोर सुबह जब अपनी बाइक लेने पीड़ित के घर पहुंचा तो सब लोग हैरान रह गए। चोर बाइक लेने की जिद पर अड़ गया। बाइक नहीं देने पर चोर घर के मालिक से गाली गलौच करने लगा। आवाज सुनकर पड़ोसी भी आ गए। बढ़ती भीड़ देखकर चोर बाइक छोड़कर ही फरार हो गया। पीड़ित ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस भी इस मामले को सुनकर हैरान रह गई। पीड़ित ने पुलिस से शिकायत कर आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। इसके साथ ही पैसा वापस दिलाने की मांग की है। हालांकि, पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस चोर की तलाश में जुट गई है।
पुलिस ने शुरू की कार्रवाई
एसएचओ पंकज कुमार सिंह ने कहा कि चोर की तलाश शुरू कर दी गई है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर उन्हें जेल भेजा जाएगा। उन्होंने कहा कि चोरी की घटना जानकारी में आई है। इस वारदात में चोर घर के लोगों के जागने के बाद भाग गया। मौके पर अपनी बाइक छोड़ गया। गाड़ी को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। पीड़ित की शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है।