Bengaluru Mahalakshmi Case: हत्यारे ने महालक्ष्मी के क्यों किए 59 टुकड़े? दरिंदे के डायरी से खुला राज, पुलिस ने बताई पूरी कहानी

Bengaluru Mahalakshmi Murder Case: बेंगलुरु की 29 वर्षीय एक महिला की नृशंस हत्या में शामिल मुख्य संदिग्ध ने हाल ही में कथित तौर पर ओडिशा में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने बताया कि आरोपी की पहचान 31 वर्षीय मुक्ति रंजन प्रताप राय के रूप में हुई है

अपडेटेड Sep 27, 2024 पर 4:10 PM
Story continues below Advertisement
Bengaluru Mahalakshmi Case: आरोपी अपनी डायरी में कबूल किया है कि शादी से इनकार करने पर उसने कई बार महिला के साथ मारपीट की

Bengaluru Mahalakshmi Murder Case: शादी का प्रस्ताव, तीखी नोकझोंक, कई अफेयर और गुस्से के कारण कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में महालक्ष्मी की नृशंस हत्या हुई। श्रद्धा वालकर हत्याकांड और महालक्ष्मी की हत्याओं में कई समानताओं के कारण पुलिस को संदेह है कि मुख्य आरोपी मुक्ति रंजन रॉय ने सोशल मीडिया पर दिल्ली क्राइम के वीडियो देखकर श्रद्धा मामले से उसे हत्या की प्रेरणा मिली होगी। 29 वर्षीय महिला का क्षत-विक्षत शव उसके घर में फ्रिज से बरामद हुआ था। पुलिस के अनुसार, महिला का शव 59 टुकड़ों में कटा हुआ पाया गया था।

दिल्ली में आरोपी आफताब अमीन पूनावाला के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही श्रद्धा वालकर की 18 मई, 2022 को पूनावाला ने कथित तौर पर गला घोंटकर हत्या कर दी थी। पिछले साल जनवरी में दिल्ली पुलिस द्वारा दायर 6,629 पन्नों की चार्जशीट के अनुसार, आफताब पूनावाला ने कथित तौर पर उसके शव के टुकड़े किए, उसे फ्रिज में रखा और पकड़े जाने से बचने के लिए कई दिनों तक शहर भर में सुनसान जगहों पर उसके टुकड़े फेंके। बाद में शव के टुकड़े बरामद किए गए।

महालक्ष्मी नामक महिला का क्षत-विक्षत शव उनकी मां और बड़ी बहन को 21 सितंबर को उनके घर से फ्रिज से मिला था। न्यूज18 को मिली जानकारी के अनुसार, महालक्ष्मी का शव 18 दिनों तक फ्रिज के अंदर रखा रहा, जिसे कथित तौर पर मुक्ति रंजन रॉय ने धारदार चाकू की मदद से 59 टुकड़ों में काटा था। रॉय इस जघन्य अपराध को अंजाम देने के कुछ दिनों बाद बेंगलुरु से फरार हो गया था।


मुक्ति रंजन रॉय और महालक्ष्मी दोनों कथित तौर पर करीब छह महीने से रिलेशनशिप में थे, लेकिन उनका रिश्ता उथल-पुथल भरा रहा। स्थानीय पुलिस सूत्रों ने बताया कि उनके बीच अक्सर बहस होती थी और मारपीट होती थी। कई बार उनका झगड़ा व्यालिकावल में उनके घर के बाहर सड़क पर भी फैल जाता था।

आरोपी ने की खुदकुशी

बेंगलुरु की 29 वर्षीय एक महिला की नृशंस हत्या में शामिल मुख्य संदिग्ध ने कथित तौर पर ओडिशा में 26 सितंबर को फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने बताया कि आरोपी की पहचान मुक्तिरंजन प्रताप राय (31) के रूप में हुई है। वह ओडिशा के भद्रक जिले के धुसुरी थाना क्षेत्र में पेड़ से लटका हुआ मृत मिला था।

भद्रक के पुलिस अधीक्षक वरुण गुंटुपल्ली ने बताया कि आरोपी भुईनपुर गांव का रहने वाला था। पुलिस ने घटनास्थल से एक डायरी भी बरामद की है जिसमें राय ने कबूल किया है कि उसने महिला महालक्ष्मी की हत्या करने के बाद उसके शरीर के 50 से अधिक टुकड़े कर दिए थे।

दरिंदे के डायरी से खुला राज

सनसनीखेज महालक्ष्मी हत्याकांड के मुख्य आरोपी मुक्ति रंजन ने कथित तौर पर ओडिशा के धुसुरी में अपने घर के पास आत्महत्या करने से कुछ घंटे पहले अपनी मां के सामने अपना अपराध कबूल किया था। पुलिस ने उसकी एक नोटबुक बरामद की है, जिसमें उसने अपना अपराध कबूल किया। उसने ओडिया और अंग्रेजी दोनों में हत्या के बारे में परेशान करने वाले डिटेल्स का उल्लेख किया है। उसने अपनी डायरी में कबूल किया है कि शादी से इनकार करने पर उसने कई बार महिला के साथ मारपीट की।

आरोपी ने लिखा है कि वह महालक्ष्मी को पसंद करता था, लेकिन उसने इसका फायदा उठाया। उसने उसका आर्थिक शोषण किया। नोट में उसने यह भी दावा किया कि वह उसे मारना चाहती थी। इसीलिए उसने उसकी हत्या कर दी। उसने अपनी मां के सामने भी अपराध कबूल किया है। मां ने दावा किया, "वह परेशान था, क्योंकि महालक्ष्मी उसका शोषण कर रही थी। उसने उसकी सोने की चेन और अंगूठी भी ले ली थी।"

आरोपी ने क्यों की हत्या?

बेंगलुरु पुलिस ने बताया कि आरोपी मुक्तिरंजन प्रताप राय और महालक्ष्मी के बीच प्रेम संबंध था एवं महिला द्वारा कथित रूप से शादी डालने पर दोनों के बीच अक्सर झगड़ा होता था। इसलिए आरोपी ने उसकी हत्या की। बेंगलुरु पुलिस के अनुसार, राय और महालक्ष्मी एक कपड़े की दुकान में काम करते थे। वहीं उनकी मुलाकात हुई जिसके बाद वे दोस्त बन गए। दोनों के बीच प्रेम संबंध था।

बेंगलुरु पुलिस ने प्रारंभिक जांच का हवाला देते हुए बताया कि महालक्ष्मी कथित तौर पर उस पर शादी करने का दबाव बना रही थी। इस वजह से उनके बीच लगातार बहस होती रही और फिर झगड़ा हो गया। जाहिर तौर पर इस बात से नाराज होकर आरोपी ने महालक्ष्मी की हत्या कर दी और बाद में उसके शव के टुकड़े-टुकड़े कर दिए। आरोपी कथित तौर पर बहुत ही गुस्सैल स्वभाव का था।

बेंगलुरु पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने पीटीआई को बताया कि महिला की हत्या करने के बाद राय ने अपने छोटे भाई को फोन किया और उसे तुरंत किराए का घर खाली करने के लिए कहा। लेकिन जब उसने इसका कारण पूछा तो राय ने अपने भाई से कहा कि वह उससे फोन पर बात नहीं कर सकता और घर पर मिलकर उसे सब बताएगा।

ये भी पढ़ें- Indore Girl Video: इंदौर में अश्लील कपड़ों में घूमने वाली युवती ने मांगी माफी, गिरफ्तारी की लटकी तलवार

उन्होंने बताया कि जब आरोपी के छोटे भाई से पूछताछ की गई तो उसने खुलासा किया कि महिला की हत्या कर जब राय घर आया तो उसने उसके (छोटे भाई के) सामने हत्या की बात कबूल की। उन्होंने कहा कि वह अब इस शहर में नहीं रह सकता इसलिए अपने पैतृक स्थान जा रहा है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।