Covaxin for children : ड्रग्स कंट्रोलर जनरल ऑफ इंडिया (DCGI) ने 6-12 साल के बच्चों को भी भारत बायोटेक (Bharat Biotech) की कोवैक्सीन (Covaxin) लगाए जाने को मंजूरी दे दी है। हालांकि, DCGI ने कुछ शर्तों के साथ इस आयु वर्ग के बच्चों पर सीमित आपातकालीन उपयोग करने की सिफारिश की है।
रेगुलेटर ने भारत बायोटेक (Bharat Biotech) से दो महीने तक हर 15 दिन में और फिर पांच महीने तक हर महीने उचित विश्लेषण के साथ प्रतिकूल घटनाओं से जुड़ा डाटा जमा करने के लिए कहा है।
दो महीने तक विचार विमर्श किए जाने के बाद सब्जेक्ट एक्सपर्ट कमेटी द्वारा दी गई सिफारिश पर 25 अप्रैल को भारत बायोटेक को अनापत्ति प्रमाण पत्र जारी कर दिया गया।
अभी तक 12 वर्ष से ज्यादा उम्र के बच्चों का हो रहा टीकाकरण
अभी तक, भारत में 12 वर्ष से ज्यादा उम्र के बच्चे कोविड वैक्सीनेशन (COVID vaccination) के लिए इलिजिबिल हैं, लेकिन सरकार ने राष्ट्रीय कोविड टीकाकरण कार्यक्रम के तहत 12-14 साल के बच्चों के लिए सिर्फ कॉरबेवैक्स (Corbevax) को मंजूरी दी है।
भारत बायोटेक ने 2-12 वर्ष आयु वर्ग के लिए मांगी थी अनुमति
भारत बायोटेक ने 2-12 वर्ष आयु वर्ग को ध्यान में रखते हुए अपनी वैक्सीन के लिए मंजूरी मांगी थी, लेकिन सेंट्रल ड्रग स्टैंडर्ड कंट्रोल ऑर्गनाइजेशन के एसईसी (SEC) ने सिर्फ 6-12 आयु वर्ग के लिए सिफारिश दी थी।
भारत में 15-18 साल के बच्चों का टीकाकरण जनवरी से शुरू हो गया था। मार्च में इसे 12 साल से ऊपर के बच्चों के लिए भी हरी झंडी दी गई।
भारत में टीकाकरण की क्या है स्थिति
26 अप्रैल 2022 को सुबह 7 बजे तक के सरकारी आंकड़े बताते हैं कि अब तक देश में 1,87,95,76,423 डोज लगाई जा चुकी हैं। वहीं, 12-14 साल के बच्चों के मामले में 2,70,96,975 पहली डोज लगाई जा चुकी हैं। वहीं 37,27,130 दूसरी डोज लगाई गई हैं।