दिल्ली-NCR में रविवार (20 अक्टूबर 2024) सुबह एयर क्वालिटी में काफी गिरावट देखी गई। एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 300 पॉइंट को पार कर गया। सुबह आसमान में धुंध छाई रही। लोगों को सांस लेने में भी परेशानी महसूस हुई। उधर, यमुना नदी में भी जहरीला झाग नजर आ रहा है। सर्दी का मौसम आने वाला है। दिवाली की तारीख भी बेहद नजदीक आ गई है। इससे पहले ही दिल्ली में प्रदूषण खतरनाक स्तर पर पहुंच गया है। वहीं मौसम विभाग (IMD) का कहना है कि दिल्ली के तापमान में कमी का दौर जारी है। सुबह का तापमान 18 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है।
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के मुताबिक रविवार की सुबह छह बजे दिल्ली में पीएम 2.5 के लेवल पर पहुंच गया। यह लेवल विश्व स्वास्थ्य संगठन के मानकों के हिसाब से 9.8 गुना ज्यादा है। अक्षरधाम और आसपास के इलाकों में धुंध की एक परत छा गई है। इलाके का AQI 353 तक पहुंच गया है। जिसे केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार 'बहुत खराब' श्रेणी में रखा गया है।
300 के पार चला गया दिल्ली का AQI
दिल्ली का रियल टाइम वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) रविवार सुबह 6 बजे आईटीआई जहांगीरपुरी में 364, डीआईटी इंजीनियरिंग इलाके में 300, प्रशांत विहार में 294, पंजाबी बाग में 289 और रोहिणी 260 दर्ज किया गया। इसके अलावा दिल्ली के अधिकांश इलाकों में प्रदूषण का स्तर बेहद खराब है। उधर मौसम विभाग का कहना है कि रविवार को दिल्ली में मौसम साफ रहेगा। अधिकतम तापमान 35 और न्यूनतम तापमान 18 रहने का अनुमान जताया है। 20 से 25 अक्टूबर तक मौसम साफ रहने के साथ बड़े पैमाने पर बदलाव की संभावना नहीं है। वहीं एक दिन पहले शनिवार को अधिकतम तापमान 36.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह सामान्य से 4 डिग्री ज्यादा है। न्यनूतम तापमान 20.2 डिग्री दर्ज किया गया जो सामान्य से दो डिग्री ज्यादा है।
दिल्ली में लग सकता है ग्रैप – 2
GRAP (ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान) एक ऐसी योजना है। जिसमें दिल्ली-एनसीआर में बढ़ते प्रदूषण को कम करने के लिए बनाया गया है। जब वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) एक निश्चित स्तर से ऊपर जाता है। तब सरकार GRAP को कई चरणों में लागू कर सकती है। GRAP 2, इस योजना का दूसरा चरण होता है। यह तब लागू होता है, जब AQI 301-400 के बीच होता है। यानी बहुत खराब श्रेणी में पहुंच जाए। मौजूदा समय में प्रदूषण का लेवल 300 के पार चला गया है। ऐसे में जल्द ही ग्रैप – 2 लग सकता है।
दिल्ली की यमुना में जहरीला झाग
यमुना नदी में जहरीले झाग दिखाई दे रहा है। एक्सपर्ट का कहना है कि इसमें अमोनिया और फॉस्फेट की मात्रा बहुत ज्यादा है। इससे स्वास्थ्य को गंभीर नुकसान पहुंच सकता है। छठ पूजा जैसे प्रमुख त्योहार नजदीक आ रहे हैं। इस दौरान जहरीले झाग की वजह से दिक्कत हो सकती है। इसे लेकर दिल्ली जल बोर्ड ने मीटिंग की है। जल बोर्ड छठ पूजा के पहले झाग को हटाना चाहता है। दरअसल, हर साल ओखला के कालिंदी कुंज में बैराज पर छठ पूजा के दौरान नदी में डुबकी लगाने के लिए सैकड़ों भक्त आते हैं।