एविएशन रेगुलेटर DGCA ने एयर इंडिया (Air India) की दो अंतरराष्ट्रीय उड़ानों में अत्यधिक देरी और यात्रियों की समुचित देखभाल में नाकाम रहने के लिए एयरलाइन को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। डायरेक्टरेट जनरल ऑफ सिविल एविएशन (DGCA) ने इस नोटिस में 30 मई को दिल्ली से सैन फ्रांसिस्को की उड़ान AI 183 और 24 मई को मुंबई से सैन फ्रांसिस्को की उड़ान AI 179 में हुई अनावश्यक देरी का जिक्र करते हुए जवाब मांगा है।
एयर इंडिया की दोनों उड़ानें केबिन के अंदर तापमान नियंत्रित न होने की वजह से काफी देरी से संचालित हुई थीं और यात्रियों को बहुत असुविधा का सामना करना पड़ा था। एक अधिकारी ने कहा कि नागर विमानन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने उड़ानों में देरी और यात्रियों को हुई असुविधा के इस मामले का संज्ञान लिया है। उसी के बाद एयर इंडिया को कारण बताओ नोटिस भेजा गया है।
AC नहीं कर रहा था काम, यात्रियों को आए चक्कर
30 मई को नई दिल्ली से सैन फ्रांसिस्को जाने वाली एयर इंडिया की फ्लाइट के यात्रियों को 30 मई की शाम दिल्ली हवाई अड्डे पर परेशानी का सामना करना पड़ा। एक यात्री का कहना है कि पहले तो तकनीकी खराबी के कारण प्लेन को बदला गया और यात्रियों को दूसरे प्लेन में चढ़ाया गया, जिसमें एसी काम नहीं कर रहा था। इसके चलते प्लेन में सवार कुछ लोग बेहोश हो गए। एक यात्री के अनुसार, एआई-183 उड़ान के यात्रियों को एयरोब्रिज पर करीब एक घंटे तक इंतजार करना पड़ा। न्यूज एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, एयलाइन के एक अधिकारी का कहना है कि 200 यात्रियों को ले जाने वाली एआई-183 उड़ान को 30 मई को दोपहर साढ़े तीन बजे करीब रवाना होना था लेकिन 6 घंटे देरी होने के बाद उसका समय बदलकर 31 मई की दोपहर किया गया।
सोशल मीडिया के जरिए लोगों का फूटा गुस्सा
इस उड़ान के कुछ यात्रियों ने सोशल मीडिया पर इस देरी को लेकर शिकायत की। एयरलाइन के एक अधिकारी ने कहा कि प्लेन में तकनीकी समस्या आ गई थी, जिसकी जांच की गई। देरी के कारण चालक दल का ड्यूटी समय पूरा हो गया था, और अगर प्लेन उड़ान भर लेता और वह सैन फ्रांसिस्को पहुंच भी जाता, तो वहां रात में प्लेन लैंड करने की अनुमति नहीं मिलती। यात्रियों को पूरे पैसे वापस, निःशुल्क रिशेड्यूलिंग और होटल में ठहरने का विकल्प दिया गया।
Air India हो रही यात्रियों का ध्यान रख पाने में नाकाम
DGCA ने नोटिस में कहा कि एयर इंडिया के खिलाफ कई बार यात्री सुविधा से जुड़े मानकों का ध्यान न रखे जाने के मामले उसके संज्ञान में आ चुके हैं। DGCA का कहना है, "एयर इंडिया बार-बार यात्रियों का ध्यान रख पाने में नाकाम हो रही है। वह यात्रियों को एयरलाइंस की तरफ से दी जाने वाली सुविधाओं के प्रावधानों का भी पालन नहीं कर रही है। एयर इंडिया को यह बताना होगा कि उसके खिलाफ कार्रवाई क्यों न की जाए।"