बायजू (Byju's) की को-फाउंडर और डायरेक्टर दिव्या गोकुलनाथ (Divya Gokulnath) ने मंगलवार को दावा किया कि उनकी एडेटक कंपनी भी रणबीर कपूर और आलिया भट्ट की फिल्म 'ब्रह्मास्त्र (Brahmastra)' की तरह ही एक ब्लॉकबस्टर रिलीज है।

बायजू (Byju's) की को-फाउंडर और डायरेक्टर दिव्या गोकुलनाथ (Divya Gokulnath) ने मंगलवार को दावा किया कि उनकी एडेटक कंपनी भी रणबीर कपूर और आलिया भट्ट की फिल्म 'ब्रह्मास्त्र (Brahmastra)' की तरह ही एक ब्लॉकबस्टर रिलीज है।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म लिंक्डइन पर गोकुलनाथ ने एक पोस्ट में लिखा, "ब्रह्मास्त्र के बाद इस साल की दूसरी ब्लॉकबस्टर रिलीज Byju's के वित्तीय परिणाम थे। मैंने अभी तक ब्रह्मास्त्र नहीं देखा है, लेकिन मुझे Byju's के रिजल्ट पता हैं क्योंकि इसके डायरेक्टर के रूप में, मैं इसके निर्माण में शामिल थी।"
उन्होंने "सनसनीखेज" हेडलाइंस बनाने के लिए मीडिया संगठनों पर भी निशाना साधा। दिव्या गोकुलनाथ ने लिखा, "हमारे बारे में लिखी गई खबरों से मुझे कभी कोई परेशानी नहीं हुई।"
उन्होंने कहा, "असल में हमारे फाइनेंशियल रिजल्ट पर आई अधिकतर रिपोर्ट्स में सकारात्मक बातें थीं। लेकिन खबरों की हेडलाइन एक अलग मामला है। निगेटिव हेडलाइंस की बाढ़ में यह भूलना काफी आसान है कि हम वित्त वर्ष 2021 के 18 महीने आगे खड़े हैं और इस दौरान Byju's ने करीब 4 गुना ग्रोथ की है। या फिर भूलना कि वित्त वर्ष 2021 के 'चौड़े घाटे' को वित्त वर्ष 2022 में घटाकर आधा कर दिया गया है।"
बायजू के को-फाउंडर ने यह भी दावा किया कि एडटेक कंपनी को इस साल हर महीने 1,000 करोड़ रुपये से अधिक का रेवेन्यू हासिल हुआ है। इसके अलावा दिव्या गोकुलनाथ ने बायजू से कई खबरों को लेकर स्पष्टीकरण भी दिया।
गोकुलनाथ ने लिंक्डइन पोस्ट में कहा कि वित्त वर्ष 2021 में बायजू को हर दिन 12.5 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ, लेकिन इसके बावजूद इसने वित्त वर्ष 22 में प्रति दिन 27 करोड़ रुपये का राजस्व कमाया।
बायजू के डायरेक्टर का स्पष्टीकरण कंपनी की तरफ से वित्त वर्ष 2021 में 4,500 करोड़ रुपये के घाटे की सूचना के बाद आया है, जो वित्त वर्ष 2020 में हुए 262 करोड़ रुपये के घाटे से करीब 17 गुना अधिक है। बायजू की यह रिपोर्ट सामने आने के बाद हर्ष गोयनका और किरण मजूमदार-शॉ जैसे इंडस्ट्री के कई दिग्गज लीडर्स ने कंपनी की वैल्यूएशन पर सवाल उठाया था।
हिंदी में शेयर बाजार, स्टॉक मार्केट न्यूज़, बिजनेस न्यूज़, पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App डाउनलोड करें।