Golden Globes 2023: RRR की टीम को मुख्यमंत्री की बधाई पर गायक अदनान सामी ने जताई आपत्ति, ट्विटर पर छिड़ी जंग

Golden Globes 2023: आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री वाईएस जगन मोहन रेड्डी ने सिनेमाघरों में धमाल मचाने वाली फिल्म RRR के गाने नाटू-नाटू के पुरस्कार जीतने पर बधाई देते हुए ट्वीट करते हुए लिखा था कि तेलुगु ध्वज ऊंचा लहरा रहा है। पूरे आंध्र प्रदेश की ओर से मैं आरआरआर की पूरी टीम को बधाई देता हूं। हमें आप पर बहुत गर्व है

अपडेटेड Jan 12, 2023 पर 2:59 PM
Golden Globes 2023: गायक अदनान सामी ने सीएम के इस ट्वीट पर सवाल उठाए। उनके मुताबिक 'तेलुगु का झंडा' कहना गलत है

80th Golden Globe Awards: सिनेमाघरों में धमाल मचाने वाली एस. एस. राजामौली (SS Rajamouli) की फिल्म ‘आरआरआर (RRR)’ ने गोल्डन ग्लोब अवॉर्ड्स (Golden Globe Awards 2023) में बुधवार को अपने लोकप्रिय गीत ‘नाटू-नाटू (Naatu Naatu)’ के लिए सर्वश्रेष्ठ ‘ओरिजिनल सॉन्ग-मोशन पिक्चर’ कैटेगरी में पुरस्कार जीतकर इतिहास रच दिया। इस बड़ी उपलब्धि की सोशल मीडिया के सभी प्लेटफॉर्म पर यूजर्स चर्चा कर रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Modi) और आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री वाईएस जगन मोहन रेड्डी ने भी 'नाटू-नाटू' के अवॉर्ड जीतने पर RRR की टीम को बधाई दी।

सीएम वाईएस जगन मोहन रेड्डी (CM YS Jagan Mohan Reddy) ने एक ट्वीट में लिखा, "तेलुगु का झंडा बुलंद है। पूरे आंध्र प्रदेश की तरफ से एम. एम. कीरावानी, एसएस राजामौली, जूनियर एनटीआर, राम चरण और RRR की पूरी टीम को बधाई। हमें आप पर अविश्वसनीय रूप से गर्व है।" फिल्म RRR के कई सदस्यों ने रेड्डी की ट्वीट का जवाब देते हुए उन्हें शुक्रिया कहा।

हालांकि, गायक अदनान सामी (Adnan Sami) ने सीएम के इस ट्वीट पर सवाल उठाए। उनके मुताबिक 'तेलुगु का झंडा' कहना गलत है। सामी ने उनके ट्वीट पर प्रतिक्रिया देते हुए लिखा, "तेलुगु ध्वज? आपका मतलब भारतीय ध्वज है ना? हम पहले भारतीय हैं और इसलिए कृपया खुद को देश के बाकी हिस्सों से अलग करना बंद करें। खासकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर, हम एक देश हैं! यह अलगाववादी रवैया बेहद अस्वास्थ्यकर है जैसा कि हमने 1947 में देखा था, धन्यवाद जय हिंद।"


ट्विटर पर कई यूजर्स ने साल 2016 में भारतीय नागरिक हासिल करने वाले अदनान सामी का समर्थन किया, लेकिन कई लोगों ने ये भी कहा कि तेलुगु के झंडे का मतलब किसी अलग झंडे से नहीं है। बल्कि सीएम तेलुगु भाषा की फिल्म की उपलब्धि की बात कर रहे थे।

ये भी पढ़ें- कौन हैं RRR के म्यूजिक डायरेक्टर MM Keeravaani? जिन्होंने Naatu Naatu के लिए जीता गोल्डन ग्लोब अवॉर्ड्स

आंध्र प्रदेश के सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री गुडिवाड़ा अमरनाथ (Gudivada Amarnath) ने अदनान सामी की टिप्पणी पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि वह उनकी देशभक्ति पर फैसला सुनाने वाले आप कोई नहीं हैं। हमें अपनी भाषा, अपनी संस्कृति और अपनी पहचान पर गर्व है। और मैं फिर से घोषणा करता हूं, हम तेलुगु हैं। मंत्री ने ट्वीट कर लिखा, (अदनान सामी) आप हमारी देशभक्ति पर फैसला सुनाने वाले कोई नहीं होते हैं। तेलुगु होने का मेरा गौरव एक भारतीय के रूप में मेरी पहचान से दूर नहीं होता है।

कई यूजर्स ने सीएम का बचाव करते हुए उनकी आलोचना की। एक यूजर्स ने उन्हें याद दिलाया कि तेलुगु पर गर्व होने से कोई भारतीय कम नहीं होता है। इसके बाद ट्रोल करने वाले यूजर्स को जवाब देते हुए गायक ने लिखा कि एक महान राज्य के मुख्यमंत्री के पास एक राजनीतिक रूप से सही बयान देने के लिए सभी साधन, सुविधाएं और जिम्मेदारी होती है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।