PMO का अधिकारी बता Z+ सिक्योरिटी के साथ कश्मीर में मजे लेने वाला ठग गिरफ्तार, बुलेटप्रूफ SUV से लैस 5 स्टार होटल में करता था मौज

गुजरात का रहने वाला शख्स खुद को PMO का बड़ा अधिकारी बताता था। इतना ही नहीं ठग ने जेड प्लस सिक्योरिटी, बुलेटप्रूफ SUV की सुविधाएं भी ले रखी थीं। वह हमेशा कश्मीर के फाइव स्टार होटल में रुकता था। पुलिस ने बताया कि प्रधानमंत्री कार्यालय में खुद को एडिशनल डायरेक्टर होने का दावा करने वाले गुजरात से आए किरण पटेल को 3 मार्च को गिरफ्तार किया गया था। ठग को श्रीनगर की एक स्थानीय अदालत ने न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। वर्तमान में वह 17 मार्च तक पुलिस की रिमांड में है

अपडेटेड Mar 17, 2023 पर 10:39 AM
कश्मीर पुलिस ने गुरुवार को मामले का खुलासा किया। उसे 10 दिन पहले ही गिरफ्तार कर लिया गया था, लेकिन इसे सीक्रेट रखा गया था

जम्मू-कश्मीर में जालसाजी का एक हैरान कर देना वाला मामला सामने आया है। कश्मीर पहुंचे गुजरात के एक शख्स ने खुद को प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) का एक बड़ा अधिकारी बताकर धोखे से बुलेट प्रूफ SUV के साथ जेड प्लस सिक्योरिटी कवर हासिल कर लिया। इतना ही नहीं वह हमेशा फाइव स्टार होटल में रुकता था। मामले का खुलासा होने के बाद खुद को PMO में अधिकारी के रूप में पेश करने वाले जालसाज किरण पटेल (Kiran Patel) को गिरफ्तार कर लिया गया है। कश्मीर पुलिस ने बताया कि प्रधानमंत्री कार्यालय में खुद को एडिशनल डायरेक्टर (Strategy & Campaigns) होने का दावा करने वाले गुजरात से आए किरण भाई पटेल को 3 मार्च को गिरफ्तार किया गया था। लेकिन इसे सीक्रेट रखा गया था।

जम्मू-कश्मीर पुलिस ने गुरुवार को मामले का खुलासा किया। ठग को श्रीनगर की एक स्थानीय अदालत ने न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। वर्तमान में वह 17 मार्च तक पुलिस की रिमांड में है। ठग के कई वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं। वीडियो में उसे भारी सिक्योरिटी कवर के साथ एक सरकारी बुलेटप्रूफ गाड़ी में घूमते देखा जा सकता है।

ऐसे हुआ खुलासा


न्यूज 18 के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता (IPC) की धारा 419, 420, 467, 468, और 471 के तहत FIR दर्ज की गई है। यह मामला तब सामने आया जब जम्मू-कश्मीर पुलिस की CID विंग ने कश्मीर पुलिस को ललित ग्रांड होटल में रहने वाले किरण पटेल के बारे में सूचना दी। शक होने पर पुलिस ने जब जांच की तो वह फर्जी अधिकारी निकला। एसपी पूर्वी श्रीनगर एवं एसडीपीओ नेहरू पार्क की टीम ने मामले की जांच की।

पुलिस ने कहा कि इस मामले में कई संबंधित व्यक्तियों से पूछताछ की गई है जो जांच के प्रारंभिक चरण में है। बताया जा रहा है कि किरण पटेल ने कश्मीर में LAC सहित कई इलाकों का दौरा किया। उसके साथ SDM रैंक का एक अधिकारी भी था। वह श्रीनगर में क्लॉक टॉवर लाल चौक के सामने तस्वीरे खिंचवाते भी नजर आया। सूत्रों के मुताबिक, इस मामले की जांच में गुजरात पुलिस भी शामिल हो गई है।

CNN-News18 ने FIR की एक कॉपी हासिल की है। FIR में लिखा है कि किरण पटेल ने खुद को भारत के एक वरिष्ठ सरकारी अधिकारी के रूप में पेश किया है। इस शख्स ने धोखाधड़ी, जालसाजी और फर्जीवाड़े का सहारा लेकर भोले-भाले लोगों को ठगा है। उसने जानबूझकर लोगों से पैसे और दूसरे लाभ हासिल करने के लिए एक अच्छी तरह से तैयार योजना के तहत गतिविधियों को अंजाम दिया और लोगों को ऐसे काम करने के लिए उकसाया है।

ये भी पढ़ें- Adani Group के प्रमोटर ग्रुप का हिस्सा हैं विनोद अदाणी, एक्सचेंज फाइलिंग में हुए और भी बड़े खुलासे

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।