Gurugram: कर्मचारी अंदर काम कर रहे हैं, मेन गेट पर लगा ताला, सोशल मीडिया पर मचा बवाल

Coding Ninjas: गुरुग्राम में एड-टेक फर्म कोडिंग निन्जा (Coding Ninjas) का दफ्तर है। कंपनी ने कर्मचारियों को बाहर जाने पर रोक लगा दी है। इसके लिए मेनगेट पर ताला लगा दिया गया है। इसका वीडियो सोशल मीडिया में वायरल होने लगा। इसके बाद कंपनी ने अपनी शर्मनाक हरकत के लिए माफी मांगी है। सोशल मीडिया यूजर्स का कहना है कि यह कॉर्पोरेट वर्ल्‍ड के खराब वर्किंग कल्‍चर की एक झलक है

अपडेटेड Jun 06, 2023 पर 12:40 PM
Story continues below Advertisement
Coding Ninjas: कंपनी में 150 कर्मचारी काम करते हैं। कंपनी की स्थापना साल 2016 में हुई थी

Coding Ninjas: इन दिनों गुरुग्राम की एक एड-टेक फर्म काफी सुर्खियां बटोर रही है। कंपनी ने ऐसी हरकत की है कि उसकी हर जगह आलोचना हो रही है। दरअसल, कोडिंग निंजा (Coding Ninjas) नाम की कंपनी के बेतुके फरमान से हर कर्मचारी परेशान हो गया। कंपनी ने ड्यूटी के दौरान कर्मचारियों को बाहर जाने पर रोक लगा दी है। इसके लिए कंपनी ने ऑफिस के मेन गेट पर ताला लगा दिया है। इसके बाद यह वीडियो सोशल मीडिया में वायरल होने लगा। जिसके बाद कंपनी को माफी मांगने के लिए मजबूर होना पड़ा। वीडियो में साफ तौर पर दिख रहा है कि कंपनी का गार्ड मेनगेट पर ताला लगा रहा है।

कंपनी के ऑफिस के मेन गेट पर इसलिए ताला लगा दिया गया है। ताकि कर्मचारी बिना मैनेजर की इजाजत के दफ्तर से बाहर न जा सकें। कंपनी के इस कदम के उठाते ही कोडिंग निंजा लोगों के निशाने पर है। अब कंपनी ने अपने किए पर माफी मांगी है और वादा किया है कि भविष्‍य में ऐसी घटना को नहीं दोहराया जाएगा।

सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है वीडियो


जैसे ही यह वीडियो ट्विटर में शेयर किया गया तो रिट्वीट, लाइक्स और कमेंट्स की बौछार पड़ने लगी। इस वीडियो को 693 रिट्वीट (retweets), 142 कोटेड (quoted) और 3,053 लाइक्स (likes) मिल चुके हैं। सोशल मीडिया में वीडियो वायरल होने के बाद कंपनी सुर्खियां बटोरने लगी। वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि कंपनी के मेन गेट पर गार्ड ताला लगा रहा है। जब उससे इसका कारण पूछा गया तो गार्ड बताता है कि एक मैनेजर ने ऐसा करने को कहा है। अब कंपनी का कहना है कि मैनेजर का आदेश कंपनी के मूल्‍यों के खिलाफ है। कंपनी दोषी कर्मचारी के खिलाफ सख्‍त कार्रवाई करेगी।

Miyazaki Mango: पश्चिम बंगाल में उगाया गया दुनिया का सबसे महंगा आम, लाखों रुपये किलो बिकता है आम

कंपनी ने मांगी माफी

इस मामले में कंपनी ने अपनी सफाई दी है। कंपनी ने ऑफिस में इस तरह ताला लगाए जाने की घटना पर खेद जताया है और माफी मांगी है। कंपनी ट्वीट के जरिए कहा है कि यह सब जानबूझकर नहीं किया गया है। जो भी घटना हुई है यह दुखद है। इस घटना से हुई असुविधा के लिए हम खेद व्यक्त करते हैं। बता दें कि कोडिंग निंजा की शुरुआत 2016 में हुई थी। कंपनी का दावा है कि वह कॉलेज और इंडस्‍ट्री के बीच गैप कम कर रही है। कंपनी प्रोग्रामिंग और डेवलपमेंट से जुड़े 17 कोर्स चलाती है। कंपनी में करीब 150 कर्मचारी काम करते हैं।

लोग कर रहे हैं कमेंट्स

ताला लगने की खबर सामने आने के बाद सोशल मीडिया में लोग तरह –तरह के कमेंट्स कर रहे हैं। एक यूजर ने लिखा है कि इंडियन एडटेक फाउंडर्स अब कर्मचारियों को बंद कर रहे हैं। यहां के सिवाय कहीं ओर ऐसा करने की हिम्‍मत कोई भी नहीं कर सकता है। यह कॉर्पोरेट वर्ल्‍ड के खराब वर्किंग कल्‍चर की झलक है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।