Miyazaki Mango: इन दिनों आम का मौसम चल रहा है। आम को फलों का राजा कहा जाता है। देश में कई तरह के आम पाए जाते हैं। इस बीच पश्चिम बंगाल में एक ऐसा आम सामने आया है, जो इन दिनों पूरे देश में सुर्खियां बटोर रहा है। से दुनिया का सबसे महंगा आम बताया जा रहा है। कहा जा रहा है कि यह मियाजाकी आम (Miyazaki Mango) है। पश्चिम बंगाल के दुबराजपुर में एक स्थानीय नागरिक ने सालदो पहले इसके पौधे लगाए थे। स्थानीय लोगों को हाल ही में पता चला है कि यह दुनिया का सबसे महंगा आम है।
वैसे तो यह आम आमतौर पर जापान में पाया जाता है। इसे दुनिया के सबसे महंगे आमों में गिना जाता है। इसकी कीमत 3 लाख रुपये प्रति किलोग्राम से ज्यादा है। यह आम दुबराजपुर की एक मस्जिद में लगाया गया है। फिलहाल यह आम पूरे राज्य के लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।
मियाजाकी आम शुरुआती दौर में बैंगनी रंग का होता है। फिर जैसे-जैसे यह आम पकने लगता है तो इसका रंग बदलने लगता है और यह लाल रंग का हो जाता है। एक आम का वजन करीब 350 ग्राम का होता है। मस्जिद अथॉरिटी ने 2 जून को इन आमों की नीलामी की थी। इस दौरान इन आमों की बिक्री लाखों में हुई। आम से हुई इस कमाई का इस्तेमाल मस्जिद के विकास में किया जाएगा। इस आम को एग ऑफ सन (Eggs of the sun) यानी सूर्य का अंडा भी कहा जाता है। ये आम की फसल अप्रैल से अगस्त तक उगाई जाती है।
बाहर घूमने गया था स्थानीय व्यक्ति, वहां से पौधा लाया
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, सैयद सोना 2 साल पहले विदेश घूमने गए थे। वे वहां से मियाजाकी का एक पौधा लाए थे। जिसे उन्होंने मस्जिद परिसर में लगाया था। अब वह पौधा पेड़ बन चुका है। उस पर पहली फसल आई है। पेड़ पर 8 आम लगे हैं। ऐसे में अनुमान है कि पहली फसल में लगभग 7.5 लाख रुपए की कमाई हुई होगी।
जापान के मियाजाकी शहर के नाम पर पड़ा आम का नाम
मियाजाकी आम का नाम जापान के एक शहर ‘मियाजाकी’ के नाम पर रखा गया है। जहां इस फल को मुख्य रूप से उगाया जाता है। इसमें एंटीऑक्सीडेंट, बीटा-कैरोटीन और फोलिक एसिड जैसे गुण होते हैं। इसमें शुगर 15 फीसदी होती है। जानकारों के मुताबिक, इस किस्म की खेती के लिए तेज धूप और ज्यादा बारिश की जरूरत होती है। इसे बड़ी सावधानी से उगाया जाता है।