Har Ghar Tiranga: डाक विभाग ने 10 दिनों में बेच दिए 1 करोड़ से अधिक तिरंगे, जानें कितनी है कीमत

एक बयान में कहा गया है कि "हर घर तिरंगा" अभियान के तहत भारतीय डाक ने 10 दिनों की छोटी अवधि के भीतर डाकघरों के साथ-साथ ऑनलाइन माध्यम से 1 करोड़ से अधिक राष्ट्रीय ध्वज की बिक्री की है

अपडेटेड Aug 12, 2022 पर 12:45 PM
Story continues below Advertisement
डाक विभाग 25 रुपये की दर से तिरंगा बेच रहा है

Har Ghar Tiranga Campaign: डाक विभाग (Post offices) ने देश भर में फैले अपने 1.5 लाख डाक घरों के जरिए महज 10 दिनों में एक करोड़ से अधिक राष्ट्रीय ध्वज (तिरंगा) की बिक्री की है। एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गई है। आपको बता दें कि डाक विभाग 25 रुपये की दर से तिरंगा बेच रहा है।

एक बयान में कहा गया है कि डाक विभाग अपने 1.5 लाख डाकघरों के सर्वव्यापी नेटवर्क के साथ देश के हर एक नागरिक के लिए "हर घर तिरंगा" कार्यक्रम को कार्यान्वित कर रहा है। भारतीय डाक ने 10 दिनों की छोटी अवधि के भीतर डाकघरों के साथ-साथ ऑनलाइन माध्यम से एक करोड़ से अधिक राष्ट्रीय ध्वज की बिक्री की है।

बयान के अनुसार, विभाग ने ऑनलाइन बिक्री के लिए पूरे देश में किसी भी पते पर राष्ट्रीय ध्वज को फ्री में पहुंचाने की सुविधा प्रदान की है। अब तक नागरिकों ने ई-पोस्ट ऑफिस सुविधा के माध्यम से 1.75 लाख से अधिक राष्ट्रीय ध्वज की ऑनलाइन खरीदारी की है।


ये भी पढ़ें- Jammu-Kashmir: कश्मीर में बिहार के रहने वाले प्रवासी मजदूर की आतंकियों ने गोली मारकर की हत्या

एक अधिकारी ने न्यूज एजेंसी पीटीआई को बताया कि पूरे देश के 4.2 लाख डाक कर्मचारियों ने शहरों, कस्बों एवं गांवों में, सीमावर्ती क्षेत्रों में, वामपंथी उग्रवाद से प्रभावित जिलों और पहाड़ी एवं जनजातीय क्षेत्रों में “हर घर तिरंगा” के संदेश का प्रचार किया है।

इसके साथ ही भारतीय डाक ने प्रभात फेरी, बाइक रैली एवं चौपाल सभाओं के माध्यम से भी समाज के हर वर्ग में "हर घर तिरंगा" का संदेश पहुंचाया है। इसके अलावा डिजिटल रूप से जुड़े नागरिकों के बीच कार्यक्रम के संदेश को प्रचारित करने के लिए ट्विटर और फेसबुक जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का भी व्यापक रूप से उपयोग किया गया है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।