Heeraben Dies: सिर्फ 2 बार PM मोदी की मां हीराबेन उनके साथ सार्वजनिक कार्यक्रमों में हुई थीं शामिल

Heeraben Dies: हीराबेन का शुक्रवार को गांधीनगर के एक श्मशान घाट में अंतिम संस्कार किया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपनी मां हीराबेन मोदी का अंतिम संस्कार किया। पीएम मोदी ने जून में लिखे एक ब्लॉग में खुलासा किया था कि उनकी मां ने उनके साथ केवल दो बार मंच साझा किया, वह भी उनके प्रधानमंत्री बनने से पहले

अपडेटेड Dec 30, 2022 पर 11:39 AM
Heeraben Dies: प्रधानमंत्री मोदी की मां हीराबेन का शुक्रवार को तड़के अहमदाबाद के एक अस्पताल में निधन हो गया। वह 100 साल की थीं

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi Mother) की मां हीराबेन मोदी (Heeraben Modi) का शुक्रवार तड़के 100 साल की उम्र में अहमदाबाद के अस्पताल में निधन हो गया। हीराबेन का शुक्रवार को गुजरात के गांधीनगर में स्थित एक श्मशान घाट में अंतिम संस्कार किया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपनी मां हीराबेन मोदी का अंतिम संस्कार किया। पीएम मोदी ने गांधीनगर स्थित सेक्टर 30 में श्मशान भूमि पर मां के पार्थिव शरीर को मुखाग्नि दी। हीराबेन के पंचतत्व में विलीन होने के बाद पीएम मोदी राजभवन के लिए निकल गए। इससे पहले उन्होंने अपने भाईयों के साथ अपनी मां के शव को कंधा दिया।

सिर्फ 2 बार PM मोदी के साथ सार्वजनिक कार्यक्रमों में हुई थीं शामिल

हीराबेन मोदी अक्सर सोशल मीडिया पर वायरल तस्वीरों में अपने बेटे के साथ दिखाई देती थीं। लेकिन वह कभी प्रधानमंत्री मोदी के साथ किसी सार्वजनिक कार्यक्रम में भाग लेती थीं। पीएम मोदी ने जून में लिखे एक ब्लॉग में खुलासा किया था कि उनकी मां ने उनके साथ केवल दो बार मंच साझा किया, वह भी उनके प्रधानमंत्री बनने से पहले।


BJP की "एकता यात्रा" (Ekta Yatra) के पूरा होने के अवसर पर पहली बार सार्वजनिक कार्यक्रम में उन्होंने अहमदाबाद में पीएम मोदी के माथे पर "तिलक" लगाया था। 1991 में शुरू हुई यात्रा श्रीनगर के लाल चौक पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने के साथ समाप्त हुई थी।

इसके अलावा दूसरी बार वह सार्वजनिक मंच पर तब दिखाई दी जब पीएम मोदी ने 2001 में गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। पीएम मोदी ने ब्लॉग पोस्ट में लिखा, "दो दशक पहले हुआ शपथ ग्रहण समारोह आखिरी सार्वजनिक कार्यक्रम था, जिसमें मां मेरे साथ शामिल हुई थीं। उसके बाद से वह कभी भी मेरे साथ एक भी सार्वजनिक कार्यक्रम में नहीं गईं।"

शुक्रवार तड़के हुआ निधन

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मां हीराबेन ने शुक्रवार तड़के ब्रह्म मुहूर्त में करीब साढ़े तीन बजे अपने भौतिक शरीर को त्याग दिया। उन्होंने हाल ही में अपनी सौंवी वर्षगांठ मनाई थी। हीराबेन को स्वास्थ्य संबंधी कुछ परेशानियों के चलते बुधवार को सुबह अहमदाबाद के ‘यू एन मेहता इंस्टीट्यूट ऑफ कार्डियोलॉजी एंड रिसर्च सेंटर’ में भर्ती कराया गया था। अस्पताल ने अपने बुलेटिन में बताया, ‘हीराबेन मोदी का यू एन मेहता हार्ट हॉस्पिटल में इलाज के दौरान 30 दिसंबर 2012 को तड़के करीब साढ़े तीन बजे निधन हो गया।’

ये भी पढ़ें- पीएम नरेंद्र मोदी की मां हीराबेन का निधन, 100 साल की उम्र में ली अंतिम सांस, पीएम मोदी अहमदाबाद पहुंचे

पीएम मोदी एक दिन पहले गुरुवार को अहमदाबाद में अपनी मां को देखने गए थे। वह एक घंटे से अधिक समय तक अस्पताल में रुके थे। शोकाकुल प्रधानमंत्री मोदी ने ट्विटर पर मां को श्रद्धांजलि देते हुए लिखा, "शानदार शताब्दी का ईश्वर चरणों में विराम... मां में मैंने हमेशा उस त्रिमूर्ति की अनुभूति की है, जिसमें एक तपस्वी की यात्रा, निष्काम कर्मयोगी का प्रतीक और मूल्यों के प्रति प्रतिबद्ध जीवन समाहित रहा है।"

उन्होंने आगे लिखा, "मैं जब उनसे 100वें जन्मदिन पर मिला तो उन्होंने एक बात कही थी, जो हमेशा याद रहती है कि काम करो बुद्धि से और जीवन जियो शुद्धि से।" हीराबेन गांधीनगर शहर के पास रायसन गांव में प्रधानमंत्री मोदी के छोटे भाई पंकज मोदी के साथ रहती थीं। उन्हें हीरा बा भी कहा जाता है।

मां के निधन के बाद पीएम मोदी नई दिल्ली से तुरंत अहमदाबाद के लिए रवाना हो गए। उन्हें आज कोलकाता में कई कार्यक्रमों में भाग लेना था। सूत्रों के अनुसार वह कुछ कार्यक्रमों में वीडियो लिंक के माध्यम से शिरकत करेंगे।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।