एक कंपनी अपने कर्मचारियों के लगातार इस्तीफे से इतना परेशान हो गई उसने उन्हें रोकने के लिए हफ्ते में सिर्फ 4 दिन काम (4-day work week) की नीति अपना ली। यह मामला अमेरिकी नॉन-प्रॉफिट संगठन 'हेल्थवाइज (Healthwise)' का है। कंपनी के कर्मचारियों ने साल 2021 में अचानक से भारी संख्या में इस्तीफा देना शुरू कर दिया था।
कर्मचारियों के एक के बाद एक आ रहे इस्तीफे को रोकने के लिए कंपनी ने कोई तरकीब निकालने की सोची। अमेरिका के इहाहो (Idaho) राज्य में स्थित इस कंपनी ने लेबर इकोनॉमिस्ट जूलियट श्चोर से इस समस्या पर बात की और उनकी सलाह पर हफ्ते में सिर्फ 4 दिन काम की पॉलिसी अपनाई। अमेरिकी मीडिया की रिपोर्ट के मुताबिक हेल्थवाइज ने अगस्त 2021 में हफ्ते में सिर्फ 4 दिन काम की नीति अपनाई थी।
इसका नतीजा यह रहा कि कर्मचारी अब पहले से अधिक खुश रहने लगे, ग्राहकों को भी पहले से बेहतर अनुभव मिलने लगा और यहां तक कि कंपनी की आमदनी भी पहले से अधिक बढ़ गई।
अपजूलियट श्चोर ने एक कार्यक्रम में बताया कि हेल्थवाइज के कर्मचारियों को अब सप्ताह में 3 दिन की छुट्टी मिलती है और वह इसका इस्तेमाल अपने दोस्तों, परिवार के साथ समय बिताने और अपने जीवन के दूसरे शौक को पूरा करने में करते हैं। इससे वो पहले से अधिक तरोताजा होकर काम पर लौटते हैं, जिससे उनकी प्रोडक्टविटी बढ़ जाती है।
उन्होंने कहा कि काम का हफ्ता छोटे होने से कर्मचारी कम तनावग्रस्त रहते हैं, अपनी नौकरी की अधिक इज्जत करते हैं और ऑफिस के बाहर उनके निजी जीवन में भी बेहतर संतुलन बना रहता है। उन्होंने कहा, "कर्मचारी 4 दिन में भी उतना ही काम करते हैं, जितना वो 5 दिनों में करते हैं।"
श्चोर ने इसके अलावा यह भी सबूत दिया कि हफ्ते में सिर्फ 4 दिन काम से कर्मचारियों की सेहत अच्छी रहती है और इससे कंपनियों का कर्मचारियों की सेहत पर किया जाने वाला खर्च बचता है। हालांकि उन्होंने यह भी स्वीकार किया अस्पतालों और स्कूलों सहित कई जगहों पर 4 दिन का हफ्ता नहीं अपनाया जा सकता है।
दुनिया के इन देशों में लागू हफ्ते में 4 दिन का काम
बता दें कि बेल्जियम और यूनाइटेड अरब अमीरात में कर्मचारियों को चार दिन ही काम करना होता है। यहां की सरकारों ने कंपनियों को हफ्ते में तीन दिन का वीकेंड रखने का निर्देश दिया है। इसके अलावा हाल ही में मल्टीनेशनल कंपनी पैनासोनिक ने भी अपने कई डिपार्टमेंट में हफ्ते में 4 दिन काम की पॉलिसी अपनाई थी।