Russia-Ukraine war: रूस ने एक बार फिर यूक्रेन पर हमले तेज कर दिए है। यूक्रेन की राजधानी कीव (Kyiv) के अलावा लवीव (Lviv) और खारकीव (Kharkiv) जैसे शहरों में में रूसी सेना ने जहां हवाई हमले किए हैं। वहीं मरियापोल शहर (Mariupol) में रूस और यूक्रेनी सेना में आमने-सामने लड़ाई चल रही है। इसके अलावा रूस ने ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन पर शनिवार को रूस में आने पर प्रतिबंध लगा दिया। रूस अपने एक युद्धपोत को काला सागर में हमला कर डुबाए जाने की घटना और यूक्रेनी सेना द्वारा रूसी इलाको में हमले किए जाने से काफी नाराज है।
इस बीच यूक्रेन के अधिकारियों ने कीव के बाहरी इलाकों में 900 से अधिक नागरिकों के शव मिलने की जानकरी दी है। इनमें से 95 फीसदी से अधिक लोगों की गोली मारकर हत्या की है। इसके अलावा रूसी मिसाइल हमले से खारकीव शहर में सात महीने के एक बच्चे सहित सात लोगों की मौत और 34 लोगों के घायल होने की खबर सामने आई है।
कीव रिजनल पुलिस फोर्स के चीफ एंड्री नेबितोव ने बताया कि कीव के आसपास शवों को सड़कों पर छोड़ दिया गया या अस्थायी रूप से दफनाया गया। उन्होंने बताया कि 95 प्रतिशत लोगों की मौत गोली लगने से हुई है। नेबितोव ने कहा, 'हमें लगता है कि रूसी कब्जे के दौरान इन लोगों को यूं ही अकारण गोली मार दी गई।' उन्होंने कहा कि हर दिन मलबे के नीचे और सामूहिक कब्रों से शव मिल रहे हैं तथा सबसे ज्यादा 350 से अधिक लाशें बुचा में बरामद हुई हैं।
रूसी सैनिकों ने इन दो शहरों पर किया कब्जा
इस बीच रूसी सैनिकों ने यूक्रेन के दक्षिणी हिस्से में स्थित खेरसॉन और जापोरिजिया के कुछ हिस्सों पर कब्जा कर लिया है। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने खुद इसकी जानकारी दी है। जेलेंस्की ने कहा, "कब्जा करने वालों को लगता है कि इससे उनके लिए आसपस के इलाकों को नियंत्रित करना आसान हो जाएगा, लेकिन वे गलत हैं। वे खुद को बेवकूफ बना रहे हैं। रूस को यूक्रेन की पूरी जनता ने खारिज कर दिया है और वह उसे कभी भी स्वीकार नहीं करेगी। रूस ने यूक्रेन को हमेशा के लिए खो दिया है।'
UN का दावा, अब तक 2982 नागरिकों की हुई मौत
संयुक्त राष्ट्र (UN) के मानावाधिकार कार्यालय ने इस बीच एक बयान में बताया कि 24 फरवरी को रूस की तरफ से यूक्रेन पर आक्रमण किए जाने के बाद अब तक कम से कम 2,982 आम नागरिकों की मौत हुई है। वहीं 2,651 लोग घायल हुए हैं। मानावाधिकार कार्यालय ने यह भी कहा कि मृतकों की संख्या इससे कहीं अधिक हो सकती है क्योंकि उसके पास अभी कई इलाकों से सूचना आने में देर हो रही है और उन्हें जांचने में भी समय लग रहा है।
रूस ने ब्रिटिश PM बोरिस जॉनसन पर लगाया बैन
रूस ने शनिवार को ब्रिटिश पीएम बोरिस जॉनसन (UK PM Boris Johnson) और ब्रिटेन के उच्च पदाधिकारियों के रूस आने पर पाबंदी लगा दी है। यह जानकारी रूसी विदेश मंत्रालय के हवाले से न्यूज एजेंसी AFP ने दी है। बता दें कि बोरिस जॉनसन 10 अप्रैल को जेलेंस्की से मिलने यूक्रेन पहुंचे थे।