दिल्ली मेट्रो (Delhi Metro) ने हरियाणा के गुरुग्राम (Gurugram) में स्थित हुडा सिटी सेंटर मेट्रो स्टेशन (HUDA City Centre Metro Station) का नाम बदल दिया है। दिल्ली मेट्रो की येलो लाइन पर 'हुडा सिटी सेंटर' मेट्रो स्टेशन का नाम बदलकर अब 'मिलेनियम सिटी सेंटर (Millenium City Centre)' कर दिया गया है। दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) ने पहले घोषणा की थी कि हुडा सिटी सेंटर मेट्रो स्टेशन का नाम बदलकर 'गुरुग्राम सिटी सेंटर (Gurugram City Centre)' कर दिया गया है। हालांकि, इस घोषणा के करीब तीन घंटे बाद हुडा सिटी सेंटर मेट्रो स्टेशन का नाम फिर से बदल दिया गया।
DMRC ने अब एक नए ट्वीट में बताया है कि येलो लाइन के आखिरी मेट्रो स्टेशन हुडा सिटी सेंटर को अब 'मिलेनियम सिटी सेंटर' के नाम से जाना जाएगा। हुडा सिटी सेंटर दिल्ली मेट्रो के सबसे व्यस्त और बड़े मेट्रो स्टेशनों में से एक है। न्यूज एजेंसी पीटीआई की एक रिपोर्ट के मुताबिक, स्टेशन का नाम बदलने का अनुरोध केंद्र और हरियाणा सरकार दोनों की ओर से आया था। यह स्टेशन हरियाणा के गुरुग्राम में स्थित है।
दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन एक ट्वीट में लिखा, "येलो लाइन पर हुडा सिटी सेंटर मेट्रो स्टेशन का नाम बदलने के संबंध में पहले की घोषणा में आंशिक संशोधन करते हुए, अब सक्षम अधिकारियों द्वारा स्टेशन का नाम बदलकर मिलेनियम सिटी सेंटर करने का निर्णय लिया गया है।"
DMRC ने बताया कि इसके अनुसार, सभी आधिकारिक दस्तावेजों, साइनेज, घोषणाओं आदि में नाम बदलने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और धीरे-धीरे इसे बदला जाएगा। सूत्रों ने पीटीआई को बताया कि केंद्र तथा हरियाणा सरकार की ओर से इस स्टेशन का नाम बदलने का अनुरोध किया गया था।
बता दें कि इससे पहले 2019 में ब्लू लाइन के 'प्रगति मैदान' मेट्रो स्टेशन का नाम बदलकर 'सुप्रीम कोर्ट मेट्रो स्टेशन' किया गया था। इसके अलावा इसी साल येलो लाइन पर जहांगीरपुरी के मुकरबा चौक मेट्रो स्टेशन का नाम बदलकर शहीद कैप्टन विक्रम बत्रा चौक किया गया था।