कुत्ते को घुमाने के लिए दिल्ली का एक पूरा स्टेडियम खाली करने वाली IAS अधिकारी रिंकू दुग्गा (IAS officer Rinku Dugga) को सरकार ने अनिवार्य रिटायरमेंट (compulsorily retired) दे दी है। दुग्गा 1994 बैच की IAS अधिकारी हैं। उन्होंने अपने IAS पति संजीव खिरवार (Sanjeev Khirwar) के साथ पिछले साल दिल्ली के त्यागराज स्टेडियम को खाली करने का आदेश दिया था, ताकि वे अपने कुत्ते को घुमा सकें। यह मामला मीडिया में आने के बाद दोनों पति-पत्नी का ट्रांसफर अरुणाचल प्रदेश और लद्दाख कर दिया गया था। खबर है कि सरकार ने रिंकू दुग्गा को अनिवार्य रिटायरमेंट दे दी है। इंडियन एक्सप्रेस की खबर के मुताबिक, दुग्गा के करियर रिकॉर्ड के आधार पर ये फैसला लिया गया है।
दुग्गा को अरुणाचल प्रदेश में स्वदेशी मामलों के प्रिंसिपल सेक्रेटरी के रूप में तैनात किया गया था। इसके अलावा उनके पति संजीव खिरवार 1994 बैच के IAS अधिकारी हैं। वह वर्तमान में लद्दाख में तैनात हैं। कपल को पिछले साल इंडियन एक्सप्रेस में रिपोर्ट प्रकाशित होने के बाद दिल्ली से ट्रांसफर कर दिया गया था। आरोप है कि उन्होंने अपने कुत्ते को घुमाने के लिए एथलीटों को स्टेडियम से बाहर निकाल दिया था।
इंडियन एक्सप्रेस के मुताबिक, सरकार ने 54 साल की रिंकू दुग्गा को अनिवार्य रिटायरमेंट देने का फैसला उनके करियर रिकॉर्ड के आधार पर लिया है। एक सरकारी अधिकारी ने मंगलवार को इसकी पुष्टि करते हुए कहा, "हां, दुग्गा को उनके ट्रैक रिकॉर्ड के आधार पर अनिवार्य रूप से रिटायरमेंट करने के आदेश जारी किए गए हैं।" अधिकारी ने कहा कि सरकार किसी भी सरकारी कर्मचारी को रिटायरमेंट करने का अधिकार रखती है"।
खबर आने के बाद सरकार ने लिया एक्शन
पिछले साल 'द इंडियन एक्सप्रेस' में एक रिपोर्ट प्रकाशित होने के बाद दुग्गा को दिल्ली से बाहर ट्रांसफर कर दिया गया था। रिपोर्ट में दावा किया गया था कि आईएएस अधिकारी के अंडर में आने वाले त्यागराज स्टेडियम में एथलीटों को समय से पहले ट्रेनिंग खत्म करने और स्टेडियम खाली करने का आदेश दे दिया जाता था। स्टेडियम को समय से पहले इसलिए खाली करा दिया जाता था, ताकी वह और उनके IAS पति अपने कुत्ते को घुमा सकें।
1994 बैच के अधिकारी खिरवार दिल्ली के प्रिंसिपल सेक्रेटरी (रेवेन्यू) के पद पर तैनात थे। रिपोर्ट सामने आने के बाद उन्हें लद्दाख ट्रांसफर कर दिया गया था। जबकि दुग्गा को अरुणाचल प्रदेश भेज दिया गया था। अब दुग्गा को फंडामेंटल रूल्स (FR) 56 (J), सेंटर सिविल सर्विस (CCS) पेंशन नियम, 1972 के नियम 48 के तहत अनिवार्य रूप से रिटायरमेंट कर दिया गया है।