IMD Weather Update: उत्तर भारत में पिछले कई दिनों ने से पड़ रही कड़ाके की ठंड से थोड़ी राहत जरूर मिली है, लेकिन पश्चिमी विक्षोभ के कारण मौसम का बिगड़ना जारी रहेगा। उत्तरी पाकिस्तान में एक पश्चिमी विक्षोभ के कारण साइक्लोनिक सर्कुलेशन जैसा माहौल बन गया है। वहीं, दूसरा साइक्लोनिक दक्षिण-पश्चिम मध्य प्रदेश में भी सक्रिय है। जिसकी वजह से मौसम में बदलाव होगा और उत्तर भारत के कई जगहों पर बारिश के भी आसार है।
23 जनवरी को पश्चिमी हिमालय में हल्की बारिश और बर्फबारी हो सकती है। साथ ही पश्चिमी उत्तर प्रदेश और पूर्वी राजस्थान में भी हल्की बारिश के आसार हैं। पूर्वी बांग्लादेश और आसपास के इलाकों में चक्रवाती हवाएं चल रही हैं, जिससे 23 और 24 जनवरी को अरुणाचल प्रदेश और असम में आंधी-तूफान आ सकते हैं।
पिछले 24 घंटे में कैसा रहा मौसम
IMD के मुताबिक, पिछले 24 घंटों में कई राज्यों में बारिश हुई तो कही पर घना कोहरा भी देखने को मिला। पिछले 24 घंटे में पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, पूर्वी राजस्थान, अरुणाचल प्रदेश, तमिलनाडु और जम्मू-कश्मीर में बारिश हुई। वहीं, पूर्वी उत्तर प्रदेश, बिहार, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, असम, त्रिपुरा, हिमाचल प्रदेश, ओडिशा और मेघालय में घना कोहरा पड़ा। यहां दृश्यता 50 मीटर से भी कम रही। लखनऊ और आसपास के इलाकों में दृश्यता लगभग शून्य तक पहुंच गई। हिमाचल प्रदेश के कुछ हिस्सों में शीतलहर जैसे हालात भी देखने को मिले।
कैसा होगा 23 से 25 जनवरी तक का मौसम
23 से 25 जनवरी तक देश के कई हिस्सों में घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, बिहार, झारखंड, ओडिशा, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में घना कोहरा रहेगा। हिमाचल प्रदेश में शीत लहर जारी रहेगी, जबकि अरुणाचल प्रदेश, असम और लक्षद्वीप में बारिश और बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया गया है। लक्षद्वीप में भारी बारिश की चेतावनी भी दी गई है।
आने वाले दिनों में कैसा होगा मौसम
उत्तर-पश्चिम भारत में अगले तीन दिनों में तापमान 2-4 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है, लेकिन इसके बाद मौसम में ज्यादा बदलाव देखने को नहीं मिलेगा। पूर्वी भारत में अगले 48 घंटों तक तापमान सामान्य रहेगा, लेकिन उसके बाद 2-4 डिग्री सेल्सियस तक कमी हो सकती है। वहीं मध्य भारत में अगले 24 घंटों तक तापमान स्थिर रहेगा, लेकिन फिर इसमें 2-3 डिग्री की गिरावट होने की संभावना है। देश के बाकी हिस्सों में तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा।