Indo-Pak Love Stories: प्रेमिका के चक्कर में पाकिस्तान पहुंचा यूपी का प्रेमी, बॉर्डर पार करते ही बढ़ गई परेशानी

Indo-Pak Love Stories: महिला के प्यार में पागल यूपी का युवक बादल बाबू उससे मिलने के लिए अवैध रूप से सीमा पार पाकिस्तान चला गया। वहां अब जेल की हवा खा रहा है। वह उत्तर प्रदेश का रहने वाला है। यहां घर वाले परेशान हैं। नगला खटकरी गांव के निवासी 30 वर्षीय बादल बाबू को पाकिस्तान की पंजाब पुलिस ने मंडी बहाउद्दीन शहर से 27 दिसंबर को गिरफ्तार किया

अपडेटेड Dec 31, 2024 पर 7:33 PM
Story continues below Advertisement
Indo-Pak Love Stories: प्रेमिका से मिलने के लिए यूपी का व्यक्ति अवैध रूप से पाकिस्तान चला गया

India-Pakistan Love Stories: उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के एक युवक को फेसबुक पर बातचीत करने के बाद एक पाकिस्तानी महिला से प्यार हो गया। फिर एक दिन वह उससे मिलने के लिए अवैध रूप से सीमा पार पाकिस्तान चला गया। अब पाकिस्तान में उसे कथित रूप से गिरफ्तार कर लिया गया है। पाकिस्तानी अधिकारियों ने कहा कि युवक ने पूछताछ के दौरान कबूल किया कि उसने सोशल मीडिया पर महिला के साथ रोमांटिक संबंध बनाए थे। इसके बाद उससे व्यक्तिगत रूप से मिलने के लिए बेताब होकर वैध वीजा या यात्रा दस्तावेजों के बिना पाकिस्तान में एंट्री किया।

इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक, नगला खटकरी गांव के निवासी 30 वर्षीय बादल बाबू को पाकिस्तान की पंजाब पुलिस ने मंडी बहाउद्दीन शहर से गिरफ्तार किया। बाबू को 27 दिसंबर को गिरफ्तार किया गया था, क्योंकि उसके पास यात्रा से संबंधित कोई दस्तावेज नहीं था। उस पर पाकिस्तान के विदेशी अधिनियम, 1946 की धारा 13 और 14 के तहत मामला दर्ज किया गया और बाद में उसे अदालत में पेश किया गया।

10 जनवरी को होगी कोर्ट में पेशी


अदालत ने उसे 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। उसे 10 जनवरी, 2025 को फिर से पेश होना है। शुरुआती जांच से पता चला है कि यूपी के इस युवक ने पहले भी दो बार भारत-पाकिस्तान सीमा पार करने का प्रयास किया था, लेकिन वह असफल रहा। अपने तीसरे प्रयास में वह सफलतापूर्वक पाकिस्तान में घुस गया। वह सीधे मंडी बहाउद्दीन पहुंचा, जहां उसकी मुलाकात कथित तौर पर उस महिला से हुई, जिससे वह ऑनलाइन बातचीत कर रहा था। अधिकारी अब इस बात की जांच कर रहे हैं कि क्या बाबू का पाकिस्तान में अवैध एंट्री पूरी तरह से उसके प्रेम संबंधों के कारण था या इसके पीछे कोई और मकसद था।

कई प्रेमियों ने प्यार में लांघी सीमा

यह पहली बार नहीं है जब किसी भारतीय या पाकिस्तानी प्रेमी ने अपने साथी से मिलने के लिए सीमा पार करने का प्रयास किया हो। इस साल जुलाई में इसी तरह की एक घटना सामने आई थी। उत्तर प्रदेश के एक व्यक्ति ने ऑनलाइन मिले एक पाकिस्तानी महिला से शादी करने के लिए सीमा पार करने की कोशिश की थी।

हालांकि, सीमा सुरक्षा बल (BSF) के जवानों ने उसकी कोशिश को नाकाम कर दिया। उन्होंने उसे जम्मू-कश्मीर में खोखर सीमा चौकी पर हिरासत में लिया और प्रारंभिक जांच के बाद उसे पुलिस को सौंप दिया। इसके अलावा पाकिस्तान से आई कई लव स्टोरीज 2024 में सोशल मीडिया की जमकर सुर्खियां बटोरी।

पाकिस्तान की सीमा हैदर और ग्रेटर नोएडा के सचिन मीणा की लव स्टोरी से कोई भी अनजान नहीं है। कपल की लव स्टोरी सोशल मीडिया से लेकर भारतीय और इंटरनेशनल मीडिया में जमकर छाई रही। बीते साल सीमा हैदर पाकिस्तान से अपने चार बच्चों के साथ अवैध तरीके से नेपाल के रास्ते होते हुए भारत की सीमा में दाखिल हुई।

ये भी पढ़ें- केरल को 'मिनी पाकिस्तान' बताकर फंसे महाराष्ट्र के मंत्री नितेश राणे, विपक्ष के साथ अपनों ने भी उठाए सवाल

पुलिस मामले की जांच कर रही है, लेकिन आज भी वह भारत में सचिन के साथ रह रही हैं। ऐसे प्यार में सोशल नेटवर्किंग साइट्स या ऑनलाइन गेम्स के जरिए कपल कनेक्ट होते हैं। फिर उनके बीच बातचीत होती है और बाद में यह सिलसिला प्यार में बदल जाता है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।