देश के अत्यधिक अमीर लोग या यूं कहें कि अल्ट्रा रिच अपनी निवेश योग्य संपत्ति यानि कि इनवेस्टेबल वेल्थ किस चीज में लगाते होंगे। अगर आपके दिमाग में भी यह सवाल रहता है तो इसका जवाब मिल गया है। अल्ट्रा रिच अपनी इनवेस्टेबल वेल्थ का 17 प्रतिशत, लग्जरी आइटम्स में लगाते हैं। उनकी पहली प्राथमिकता लग्जरी घड़ियां होती हैं। इसके बाद कलाकृतियों और गहनों का नंबर आता है। नाइट फ्रैंक इंडिया की एक रिपोर्ट में यह बात कही गई है। रियल एस्टेट कंसल्टेंट नाइट फ्रैंक ने ‘द वेल्थ रिपोर्ट-2024’ जारी की है। इसमें कहा गया है कि अत्यधिक उच्च नेटवर्थ वाले लोगों (UHNWI) ने अपनी निवेश योग्य संपत्ति का 17 प्रतिशत लग्जरी या पैशन इनवेस्टमेंट्स में लगाया है।
