कश्मीर में एक हफ्ते के भीतर दूसरे हिंदू कर्मचारी की गोली मारकर हत्या, कश्‍मीरी पंड‍ित के बाद अब आतंकियों के निशाने पर बाहरी

आतंकी हमले में मारे गए व‍िजय कुमार इलाकाई देहाती बैंक में बतौर मैनेजर कार्यरत थे। उन्होंने कुछ दिन पहले ही यहां बतौर बैंक मैनेजर नौकरी ज्वाइन की थी। पुलिस ने बताया कि इलाके की घेराबंदी कर हमलावरों की तलाश शुरू कर दी गई है

अपडेटेड Jun 02, 2022 पर 12:34 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
इस हफ्ते की शुरुआत में आतंकियों ने एक महिला स्कूल टीचर की गोली मारकर हत्या कर दी थी

Jammu-Kashmir: जम्मू-कश्मीर में आतंकियों ने एक बार फिर से कायराना हरकत को अंजाम दिया है। जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में गुरुवार को आतंकियों ने एक बैंक मैनेजर की गोली मारकर हत्या कर दी। आतंकवाद‍ियों ने बैंक में घुसकर मैनेजर को गोली मार दी। इसके बाद मैनेजर को गंभीर हालत में अस्‍पताल में भर्ती कराया गया, जहां पर उन्‍होंने दम तोड़ दिया।

आतंकी हमले में मारे गए बैंक मैनेजर व‍िजय कुमार राजस्‍थान के रहने वाले हैं। मृतक विजय कुमार इलाकाई देहाती बैंक में बतौर मैनेजर काम करते थे। उन्होंने कुछ दिन पहले ही यहां बतौर बैंक मैनेजर नौकरी ज्वाइन की थी। पुलिस ने बताया कि इलाके की घेराबंदी कर हमलावरों की तलाश शुरू कर दी गई है।

ये भी पढ़ें- DGCA ने सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने पर एयर विस्तारा पर लगाया 10 लाख रुपये का जुर्माना


कश्मीर जोन पुलिस ने समाचार एजेंसी एएनआई को बताया, "आतंकवादियों ने कुलगाम जिले के अरेह मोहनपोरा में इलाकाई देहाती बैंक में एक बैंक कर्मचारी (मैनेजर) पर गोलीबारी की। इस आतंकी घटना में उन्हें गोली लगने से गंभीर चोटें आई थी। इलाज के दौरान घायल बैंक कर्मचारी विजय कुमार ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। इलाके में तलाशी चल रही है। वे राजस्थान के हनुमानगढ़ के रहने वाले हैं।"

आपको बता दें कि एक हफ्ते के भीतर यह दूसरी हत्या है। इस हफ्ते की शुरुआत में आतंकियों ने एक महिला स्कूल टीचर की गोली मारकर हत्या कर दी थी। कुलगाम जिले में ही मंगलवार को आतंकवादियों ने प्रवासी कश्मीरी पंडित टीचर की गोली मारकर हत्या कर दी।

पुलिस ने बताया कि कुलगाम जिले के गोपालपुर में रजनी बाला (36) पर आतंकवादियों ने गोली चलाई, जिससे वह घायल हो गईं। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। रजनी बाला गोपालपुर में बतौर टीचर तैनात थीं।

मई के महीने में दूसरी बार किसी कश्मीरी पंडित की हत्या की गई है। इससे पहले 12 मई को राहुल भट् की बडगाम जिले की चदूरा तहसील में तहसीलदार कार्यालय के अंदर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। कश्‍मीर में आतंकी वारदातों को लेकर शुक्रवार को केंद्रीय गृहमंत्री अम‍ित शाह उप राज्‍यपाल मनोज स‍िन्‍हा के साथ बैठक करने वाले हैं।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।