Jammu-Kashmir: कश्मीर घाटी में इस साल अब तक 30 पाकिस्तानी सहित 100 आतंकी ढेर

अधिकारियों ने बताया कि सुरक्षा बलों ने कश्मीर में इस साल की शुरुआत से अभी तक 29 विदेशी आतंकवादियों समेत कुल 100 आतंकवादियों को मार गिराया है। अधिकारियों ने कहा कि पिछले साल पहले 5 महीनों और 12 दिन में आतंकवाद विरोधी अभियानों में एक विदेशी आतंकवादी सहित 50 आतंकवादी मारे गए थे

अपडेटेड Jun 14, 2022 पर 12:25 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
इस हफ्ते की शुरुआत में आतंकियों ने एक महिला स्कूल टीचर की गोली मारकर हत्या कर दी थी

कश्मीर में इस साल की शुरुआत से अभी तक आतंकवाद के खिलाफ जारी अभियानों के दौरान सुरक्षा बलों ने 100 आतंकवादियों को मार गिराया है। इनमें से सबसे अधिक 63 आतंकवादी संगठन लश्कर-ए-तैयबा से नाता रखते थे। अधिकारियों ने बताया कि सुरक्षा बलों ने कश्मीर में इस साल की शुरुआत से अभी तक 29 विदेशी आतंकवादियों समेत कुल 100 आतंकवादियों को मार गिराया है।

उन्होंने बताया कि यह पिछले साल इस दौरान मारे गए आंतकवादियों की संख्या से दोगुना है। अधिकारियों ने कहा कि पिछले साल पहले पांच महीनों और 12 दिन में आतंकवाद विरोधी अभियानों में एक विदेशी आतंकवादी सहित 50 आतंकवादी मारे गए थे। उन्होंने बताया कि मारे गए आतंकवादियों में से 63 आतंकवादी संगठन लश्कर-ए-तैयबा के थे, जबकि 24 अन्य जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े थे।

24 घंटे में 5 आतंकी ढेर


जम्मू-कश्मीर में हाल ही में दो पुलिसकर्मियों की हत्या में शामिल लश्कर-ए-तैयबा का आतंकवादी आदिल पर्रे रविवार को श्रीनगर पुलिस के साथ अचानक शुरू हुई मुठभेड़ में मारा गया। इसी के साथ रविवार को जम्मू-कश्मीर में अलग-अलग मुठभेड़ में मारे गए आतंकवादियों की संख्या तीन हो गई। रविवार सुबह पुलवामा मुठभेड़ में लश्कर के दो आतंकवादी मारे गए थे। अधिकारियों ने बताया कि पिछले 24 घंटों में तीन अलग-अलग मुठभेड़ों में कुल 5 आतंकवादी मारे गए हैं।

ये भी पढ़ें- रोजगार को लेकर PM मोदी का बड़ा ऐलान, केंद्र सरकार डेढ़ साल में देगी 10 लाख सरकारी नौकरियां

पुलिस के मुताबिक, पार्रे इस साल अमरनाथ यात्रा पर हमले की योजना बना रहा था। एक पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि श्रीनगर के बाहरी क्रेशबल पालपोरा इलाके में एक आतंकवादी की गतिविधि के बारे में मिली जानकारी के आधार पर श्रीनगर पुलिस की एक विशेष टीम को तलाशी के लिए तैनात किया गया था। प्रवक्ता के अनुसार, तलाशी के दौरान छिपे हुए आतंकवादी ने पुलिस दल पर गोलियां चलाईं और जवाबी कार्रवाई में गांदरबल निवासी आदिल पर्रे उर्फ अबू बकर नामक आतंकवादी मारा गया।

कश्मीर के डीजीपी विजय कुमार ने कहा कि पर्रे प्रतिबंधित आतंकवादी संगठन लश्कर-ए-तैयबा से जुड़ा आतंकवादी था। उन्होंने बताया कि आबिद खान के साथ पर्रे सितंबर 2021 में आतंकी संगठन में शामिल हुआ था। दोनों पिछले साल 2021 में श्रीनगर के डाउनटाउन इलाके में नागरिकों और बाहरी लोगों पर हुए आतंकी हमलों में शामिल थे।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।