Dough Kneaded by feet Viral Video: झारखंड के गढ़वा जिले से विक्रेताओं द्वारा गोलगप्पे के लिए अपने पैरों से आटा गूंथने का एक परेशान करने वाला वीडियो सामने आया है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में दो विक्रेता पैरों से आटा गूंथते दिख रहे हैं। आरोपियों ने बताया कि नंगे पैरों से गूंथा जा रहा आटा गोलगप्पे बनाने के लिए ही इस्तेमाल किया जाना था। इतना ही नहीं, पुलिस का कहना है कि स्वाद बढ़ाने के लिए आरोपी गोलगप्पे के आटे में टॉयलेट क्लीनर हार्पिक और यूरिया खाद भी मिलाते थे। वीडियो वायरल होने के बाद ऑनलाइन यूजर्स और स्थानीय समुदाय में आक्रोश है।
यह फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल हो गई है। वीडियो में दोनों आरोपी नंगे पैर गोलगप्पे के लिए आटा गूंथते हुए दिखाई दे रहे हैं। उनके पास में बेचने के लिए पहले से तैयार पैक किए गए गोलगप्पे पड़े हुए भी दिखाई दे रहे हैं। पुलिस जांच के बाद आरोपियों ने आटे में यूरिया खाद और टॉयलेट क्लीनर हार्पिक मिलाने की बात भी स्वीकार की है।
वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय लोग गुस्से और आक्रोश में हैं। 'हिंदुस्तान' की एक रिपोर्ट के अनुसार, जिस नगर पंचायत बाजार में यह घटना हुई, वहां के स्थानीय लोगों ने दोनों आरोपियों को घेर लिया और अधिकारियों को इसकी सूचना दी।
यूरिया और हार्पिक मिलाते थे थे आरोपी
रिपोर्ट के अनुसार, पुलिस ने दुकानदारों को हिरासत में लिया और पूछताछ के दौरान आरोपियों ने खाना बनाने में हानिकारक रसायनों का इस्तेमाल करने की बात स्वीकार की। आरोपियों में शामिल एक व्यक्ति अरविंद यादव ने कबूल किया कि वह और उसका साथी सतीश कुमार श्रीवास्तव गोलगप्पों का स्वाद बढ़ाने के लिए उनमें यूरिया और हार्पिक मिलाते थे।
उत्तर प्रदेश के झांसी जिले के रहने वाला 35 वर्षीय अरविंद यादव ने बताया कि उनका अपने चचेरे भाइयों के साथ पारिवारिक विवाद चल रहा था, जिसके बाद उन्होंने बदला लेने के लिए वीडियो बनाया। उसका सहयोगी 30 वर्षीय श्रीवास्तव उत्तर प्रदेश के जालौन जिले का रहने वाला है। पुलिस को दुकान से सफेद फिटकरी जैसा दिखने वाला एक संदिग्ध ठोस पदार्थ भी मिला है।
इसे जांच के लिए आगे भेज दिया गया है और दुकान को सील कर दिया गया है। कुछ ही दिन पहले उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में आठ साल से एक घर में नौकरानी का काम कर रही महिला को खाने में अपना पेशाब मिलाते हुए कैमरे में कैद किया गया था। बाद में उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
आरोपी महिला का नाम रीना है। वह दिल्ली से सटे गाजियाबाद की एक कॉलोनी में खाना बनाने का काम करती थी। रीना जिस परिवार के यहां खाना बनाती थी उन सबको पेट और लीवर में दिक्कत हुई तो उनका शक नौकरानी पर गया। इसके बाद उन्होंने किचन में मोबाइल का कैमरा खोलकर रख दिया। वीडियो में उन्होंने देखा कि रीना ने आटे में पेशाब करके उसे गूंथ दिया और उसी से रोटी बनाई।