माइक्रोसॉफ्ट (Microsoft) के सीईओ सत्य नडेला और अल्फाबेट के सुंदर पिचाई सबसे प्रभावशाली ग्लोबल भारतीयों की सूची में शामिल हैं। HSBC और हुरुन इंडिया (Hurun India) के सर्वे में यह बात कही गई है। इसके अलावा, इस सर्वे में आर्सेलरमित्तल के एलएन मित्तल (LN Mittal) को सबसे अमीर ग्लोबल इंडियन बताया गया है, जिनकी कुल संपत्ति 1.84 लाख करोड़ रुपये है। HSBC की हुरुन ग्लोबल इंडियंस 2024 की लिस्ट 22 जनवरी को जारी की गई।
एचएसबीसी हुरुन ग्लोबल इंडियंस 2024 की शुरुआती लिस्ट में दुनिया की ऐसी 200 सबसे मूल्यवान कंपनियां को जगह दी गई है, जिनका नेतृत्व भारतीय मूल के एग्जिक्यूटिव्स द्वारा किया जा रहा है। कंपनियों की रैंकिंग उनकी वैल्यू के आधार पर की गई है। शेयर बाजार में लिस्टेड कंपनियों की वैल्यूएशन उनके मार्केट कैपिटल के आधार पर तय की गई है। इसके अलावा, नॉन-लिस्टेड कंपनियों की वैल्यूएशन के हिसाब से ही उनकी भी रैकिंग की गई है। इसके लिए कट ऑफ डेट के तौर पर 29 नवंबर 2024 का इस्तेमाल किया गया था।
इस लिस्ट में बाकी जिन टेक लीडर्स के पक्ष में वोटिंग की गई, उनमें गूगल क्लाउड (Google Cloud) के सीईओ टॉमस कुरियन, यूट्यूब (YoutTube) के नील मोहन और टेस्ला के चीफ फाइनेंशियल ऑफिसर वैभव तनेजा (Vaibhav Taneja) शामिल हैं। इन अधिकारियों के नेतृत्व वाली कंपनियों का संयुक्त मूल्य करीब 10 लाख करोड़ डॉलर है। सूची में शामिल कंपनियों को 29 नवंबर, 2024 तक उनके बाजार पूंजीकरण और गैर-सूचीबद्ध कंपनियों को उनके मूल्यांकन के आधार पर रखा गया है। सूची में उल्लेख किया गया है कि दुनियाभर में भारतीय मूल के अधिकारियों का दबदबा है।
सूची में शामिल 79 पर्सेंट लोग अमेरिका में रहते हैं। उसके बाद 5 पर्सेंट ब्रिटेन और 4 पर्सेंट लोग संयुक्त अरब अमीरात में रहते हैं। सैन फ्रैंसिस्को में सबसे ज्यादा अधिकारी रहते हैं। इस शहर में 37 कंपनियों के शीर्ष अधिकारी रहते हैं। उसके बाद न्यूयॉर्क और पालो ऑल्टो, कैलिफोर्निया का स्थान है। सूची में शामिल 57 पर्सेंट अधिकारी पहली पीढ़ी के उद्यमी हैं। उसके बाद 41 पर्सेंट लोग प्रोफेशन और सिर्फ 2 पर्सेंट अधिकारी ही ऐसे हैं, जो उत्तराधिकारी हैं। पहली पीढ़ी के टॉप उद्यमियों में वर्कडे के अनिल भुसरी और फेयरफैक्स फाइनेंशियल होल्डिंग्स के प्रेमवत्स का भी नाम है।
इस सूची में 12 महिलाओं के भी नाम हैं। इनमें वर्टेक्स फार्मास्युटिकल्स की रेशमा केवलरमणी टॉप स्थान पर हैं। उनके बाद अरिस्टा नेटवर्क्स की जयश्री उलाल और फैशन ब्रांड शनेल के ग्लोबल सीईओ लीना नायर का नाम है, जिन्हें भारतीय मूल की सबसे प्रभावशाली महिला के तौर पर पहचाना जाता है। सर्वेक्षण के मुताबिक, दुनियाभर के भारतीयों में नडेला और पिचाई को सबसे प्रभावशाली बताया गया है और सर्वेक्षण में शामिल आधे से ज्यादा लोगों ने उनके लिए मतदान किया था।