कंपनी हो तो ऐसी! कुल 20 हजार कर्मचारी, सबको दिया 3.5 लाख रुपये का बोनस

फ्रांस की लग्जरी ब्रांड हरमेस (Hermès) ने अपने कर्मचारियों को 3.5 लाख रुपये (करीब 4,000 यूरो) का तगड़ा बोनस देने का ऐलान किया है। कंपनी के दुनिया भर में करीब 19,700 कर्मचारी है और ये बोनस इन सभी कर्मचारियों को दिया जाएगा। बोनस के अलावा हरमेस ने 2022 के दौरान अपने कर्मचारियों की सैलरी में 6% का इजाफा भी किया है

अपडेटेड Feb 23, 2023 पर 4:46 PM
Story continues below Advertisement
रेवेन्यू के हिसाब से, हरमेस दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी फैशन ब्रांड है।

फ्रांस की लग्जरी ब्रांड हरमेस (Hermès) ने अपने कर्मचारियों को 3.5 लाख रुपये (करीब 4,000 यूरो) का तगड़ा बोनस देने का ऐलान किया है। कंपनी के दुनिया भर में करीब 19,700 कर्मचारी है और ये बोनस इन सभी कर्मचारियों को दिया जाएगा। हरमेस (Hermès) ने बताया कि इस साल उसकी बिक्री और मुनाफे में शानदार बढ़ोतरी हुई है, ऐसे में उसने कर्मचारियों को इनाम के तौर पर बोनस देने का ऐलान किया है। मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, फरवरी महीने के अंत तक कर्मचारियों के खाते में यह बोनस की राशि आ जाएगी।

बोनस के अलावा हरमेस ने 2022 के दौरान अपने कर्मचारियों की सैलरी में 6% का इजाफा भी किया है। इसके अलावा पिछले साल जनवरी में सभी की सैलरी में 100 यूरो (करीब 8,700 रुपये) का इजाफा किया था और जुलाई में इसे फिर रिन्यू भी किया गया था।

बता दें कि हरमेस एक लग्जरी सामान बनाने वाली कंपनी है। कंपनी लेदर के सामान, फैशन एसेसरीज और दूसरे लाइफस्टाइल प्रोडक्ट बनाती है। हरमेस को खास तौर से हाथ से सिले हुए हैंडबैग बनाने के लिए जाना जाता है।


यह भी पढ़ें- Share Market: लगातार 5वें दिन लुढ़का शेयर बाजार, निवेशकों की संपत्ति ₹30,000 करोड़ घटी

कंपनी के सीईओ एक्सेल डुमास ने पिछले हफ्ते एनालिस्ट्स के साथ बैठक में बताया कि फ्रांस में उसके करीब 12,400 कर्मचारी काम करते हैं। इन सभी कर्मचारियों को बोनस और दूसरे इनसेंटिव लेकर एक साल में करीब 17 महीने के बराबर सैलरी मिली है।

कंपनी ने कहा कि इस बोनस का भुगतान उसकी "वैल्यू शेयरिंग" पॉलिसी का हिस्सा है और यह शेयरधारकों को दिए जाने वाले डिविडेंड में बढ़ोतरी के साथ-साथ चलता है।

दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी फैशन कंपनी है हरमेस

साल 2022 में हरेमस की कुल आमदनी 11.6 अरब यूरो रही थी, जो साल 2021 के मुकाबले करीब 23 फीसदी अधिक था। रेवेन्यू के हिसाब से, हरमेस दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी फैशन ब्रांड है। पहले नंबर पर लुई विटॉन (Louis Vuitton) और दूसरे पर शनेल (Chanel) कंपनी है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।