मुंबई और उसके आसपास के इलाकों में गर्मी ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने 10 मार्च को मुंबई, ठाणे, पालघर, रायगढ़ (नवी मुंबई) और रत्नागिरी के लिए हीटवेव की चेतावनी जारी की है। आने वाले दिनों में भीषण गर्मी और उमस लोगों की परेशानी बढ़ा सकती है। गर्म हवाओं के थपेड़ों ने शहर की रफ्तार को धीमा कर दिया है, वहीं चिलचिलाती धूप ने लोगों को घरों में कैद रहने पर मजबूर कर दिया है। तापमान तेजी से बढ़ रहा है और मौसम विभाग का कहना है कि ये सिलसिला जारी रह सकता है।
ऐसे में सावधानी जरूरी है—पानी खूब पिएं, हल्के कपड़े पहनें और बेवजह धूप में निकलने से बचें। मुंबईकरों के लिए ये गर्मी की पहली बड़ी चुनौती है, जिसे हल्के में लेना भारी पड़ सकता है।
लगातार दूसरी बार जारी हुआ हीटवेव अलर्ट
ये दूसरी बार है जब मुंबई में दो हफ्तों के भीतर हीटवेव की चेतावनी जारी की गई है। इससे पहले 25 और 26 फरवरी को भी मुंबई में पारा 38 डिग्री से ऊपर चला गया था, जिसके बाद मौसम विभाग ने पहली बार हीटवेव अलर्ट जारी किया था। अब मार्च में फिर से बढ़ते तापमान को देखते हुए नई चेतावनी दी गई है।
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, इस भीषण गर्मी के पीछे ‘एंटीसाइक्लोन’ (Anticyclone) नामक एक मौसमी प्रणाली जिम्मेदार है। ये एक उच्च दबाव वाली प्रणाली होती है, जो गर्म हवा को एक ही जगह पर रोककर तापमान को असामान्य रूप से बढ़ा देती है। इसी कारण मुंबई और आसपास के इलाकों में तापमान सामान्य से 4-5 डिग्री अधिक पहुंच रहा है।
IMD के अनुसार, जब किसी शहर का तापमान लगातार दो दिनों तक सामान्य से 4-5 डिग्री अधिक हो जाता है, तो उसे हीटवेव घोषित किया जाता है। इस समय मुंबई और इसके आसपास के इलाकों में तापमान सामान्य से अधिक बना हुआ है, जिससे गर्मी और उमस बढ़ गई है।
मुंबईकरों को बरतनी होगी सावधानी
गर्मी के इस दौर में लोगों को खासतौर पर सावधानी बरतने की जरूरत है। अधिक धूप में निकलने से बचें, हल्के और ढीले कपड़े पहनें, खूब पानी पिएं और शरीर को हाइड्रेटेड रखें। बच्चों और बुजुर्गों को खास ध्यान देने की जरूरत है, क्योंकि ज्यादा गर्मी से डिहाइड्रेशन और लू लगने का खतरा बढ़ सकता है। आने वाले दिनों में मुंबई और आसपास के इलाकों में तापमान और बढ़ सकता है, इसलिए सतर्क रहना जरूरी है। मौसम विभाग की अपडेट पर नजर बनाए रखें और अपनी सेहत का ध्यान रखें।