Nikki Yadav Murder Case: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में श्रद्धा वालकर हत्याकांड (Shraddha Walkar Murder Case) के बाद अब निक्की यादव (Nikki Yadav) मर्डर का मामला सामने आने से देशभर में हड़कंप मच गया है। 22 वर्षीय निक्की के साथ लगभग वही सबकुछ हुआ जो श्रद्धा हत्याकांड में हुआ था। इस हत्याकांड के कुछ घंटे पहले के सीसीटीवी वीडियो सामने आए हैं, जिसमें निक्की यादव को साफ देखा जा सकता है। 9 फरवरी को यादव सीढ़ियां चढ़कर अपने अपार्टमेंट में जाती नजर आ रही हैं।
एक CCTV फुटेज में निक्की सीढ़ियों पर चलते हुए दिखाई दे रही है। यह वीडियो 9 फरवरी 1 बजकर 10 मिनट का है। इसके बाद एक और सीसीटीवी वीडियो सामने आया है, जिसमें निक्की साफ नजर आ रही है। इस पर भी तारीख 9 फरवरी की ही है और टाइम रात 9 बजकर 27 मिनट है। इसमें निक्की घर के अंदर से बाहर जाती हुई दिखाई दी।
साहिल ने की निक्की की हत्या
निक्की यादव की हत्या उसके प्रेमी साहिल गहलोत (Sahil Gehlot) ने ही की है। वह उसके साथ कई सालों से लिव-इन पार्टनर के तौर पर रह रही थी। वह साहिल के साथ शादी के सपने देख रही थी। जबकि हत्यारा साहिल किसी दूसरी लड़की से शादी की तैयारी कर रहा था। पुलिस ने कहा कि जब निक्की को शादी के बारे में पता चला तो उसकी आरोपी से कहासुनी हो गई और जिसका अंत उसकी हत्या के रूप में हुई।
चौंकाने वाली घटना में 24 वर्षीय व्यक्ति साहिल ने अपनी 22 वर्षीय प्रेमिका निक्की यादव की गला दबाकर हत्या कर दी, उसके शरीर को फ्रिज के अंदर रख दिया और उसी दिन दूसरी महिला से शादी करने चला गया। दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के मित्रांव गांव के रहने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
14 फरवरी को हुआ हत्याकांड का खुलासा
यह घटना 14 फरवरी को तब सामने आई जब आरोपी द्वारा कथित रूप से प्रेमिका की हत्या करने के चार दिन बाद पुलिस ने पीड़िता का शव बरामद किया। आरोपी की निशानदेही पर मंगलवार सुबह रेफ्रिजरेटर से निक्की यादव का शव बरामद किया गया। पुलिस के मुताबिक, निक्की, साहिल से शादी करना चाहती थी।
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि शव को छिपाने के बाद आरोपी अपने घर चला गया और शादी से पहले के जश्न में शामिल हुआ। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने निक्की से यह बात छिपाई थी कि वह दूसरी महिला से शादी करने जा रहा है। जब निक्की को इस बारे में पता चला तो उसकी साहिल से बहस हो गई, जिसके कारण उसकी हत्या कर दी गई।
कपल पिछले कुछ सालों से रिलेशनशिप में थे। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा कि कथित हत्या 9 और 10 फरवरी की दरम्यानी रात को हुई, जब पीड़िता ने आरोपी से अपनी शादी के बारे में बात की। मृतक निकी यादव झज्जर जिले के गांव खेड़ी की रहने वाली थी।
पीड़िता का पोस्टमॉर्टम किया गया और रिपोर्ट में कहा गया कि यादव की मौत दम घुटने से हुई है। एएनआई ने बताया कि शरीर पर चोट के और कोई निशान नहीं पाए गए हैं। गहलोत को पांच दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है।
मुख्य मेट्रोपोलिटन मजिस्ट्रेट अर्चना बेनीवाल ने आरोपी को पूछताछ के लिए पांच दिनों तक दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच की हिरासत में भेज दिया ताकि हत्या के सटीक दृश्य और कथित अपराध के बाद उसकी कार्रवाई का पता लगाया जा सके। पुलिस ने कहा कि दोनों पिछले कई साल से रिश्ते में थे और निक्की उससे शादी करना चाहती थी।